राजनीतिक

मुख्यमंत्री ने निकाय चुनाव में कार्यकर्ताओं से किया एकजुटता का आह्वान

पंडित दीन दयाल उपाध्याय की पुण्य तिथि पर भाजपा का ‘समर्पण दिवस’ कार्यक्रम :

देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत रविवार को दून के जीएमएस रोड स्थित एक फार्म हाऊस में पंडित दीन दयाल उपाध्याय की पुण्य तिथि के अवसर पर समर्पण दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। समपर्ण दिवस कार्यक्रम के दौरान त्रिवेन्द्र ने कहा कि पिछले 11 माह में राज्य सरकार की उपलब्ध्यिं को गिनाया। साथ ही उन्होंने प्रदेश में विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में केंद्र के सहयोग का भी आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई सरकार बनने के बाद पहली बार निकाय चुनाव होने वाले हैं। उन्होने सभी कार्यकर्ताओं से अपेक्षा की कि आगामी निकाय चुनाव के लिए सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर कार्य करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार से सड़क, एयर कनेक्टिविटी, रेल, स्वास्थ्य एवं कृषि के क्षेत्र में पूरा सहयोग मिला है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए ठोस कदम उठाये हैं। स्थानान्तरण में पारदर्शिता लाने हेतु मजबूत ट्रांसफर एक्ट लाया गया है। सचिवालय से ब्लॉक स्तर तक बॉयोमेट्रिक हाजिरी की व्यवस्था की है। सेवा के अधिकार कानून के तहत 162 नई सेवाएं जोड़ी गई हैं। अब सेवा के अधिकार कानून के तहत 312 सेवाएं शामिल की गई हैं। जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए जिला, तहसील एवं ब्लॉक दिवसों का आयोजन किया जा रहा है।

कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल ने त्रिवेन्द्र सरकार की 11 माह की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होने कहा कि जीरो टालरेन्स की नीति पर उत्तराखण्ड सरकार कार्य कर रही है, इतने कम समय में राज्य सरकार ने जो उपलब्धियां हासिल की वो सराहनीय हैं।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नैनीताल सांसद भगत सिंह कोश्यारी, पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, सह राष्ट्रीय संगठन मंत्री शिव प्रकाश, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री तीरथ सिंह रावत, उत्तराखण्ड सरकार के कैबिनेट मंत्री, विधायकगण, भाजपा के सभी जिलों के जिलाध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

188 करोड़ रुपये के राजस्व घाटे को किया कम : सीएम

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊर्जा के क्षेत्र में प्रदेश 288 करोड़ के घाटे में चल रहा था, पिछले 10 माह में 188 करोड़ रुपये के राजस्व घाटे को कम किया गया है। परिवहन विभाग के राजस्व में पिछले वर्ष की तुलना में 110 करोड़ रूपये की वृद्धि हुई है। प्रदेश में खनन के क्षेत्र में ई-नीलामी की पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई गई है। जिससे राजस्व में 27.6 फीसदी की वृद्धि हुई है।

एनएच 74 मुआवजा वितरण मामले में 18 की गिरफ्तारी :

ऊधमसिंह नगर के एनएच 74 मुआवजा वितरण प्रकरण में अब तक 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य है जहां पर थाना विविध निधि के तहत पुलिस थानों को उनके नियमित कार्यों के निर्वहन के लिए विशेष धनराशि की व्यवस्था की गई है। इसके लिए 156 थानों को कुल 03 करोड़ रुपये की धनराशि दी गई है।

किसानों को बेहद कम ब्याज पर ऋण :

पं. दीनदयाल उपाध्याय किसान कल्याण योजना के तहत अभी तक सवा लाख लघु एवं सीमांत किसानों को मात्र 02 फीसदी ब्याज पर एक लाख रुपये तक का ऋण दिया गया है।

पलायन रोकने को न्याय पंचायत स्तर पर की जा रही पहल :

पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन को रोकने के लिए सभी 670 न्याय पंचायतों को ग्रोथ सेंटर के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन ग्रोथ सेंटरों में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दिया जायेगा। महिला स्वयं सहायता समूहों एवं स्थानीय लोगों को स्वरोजगार से जोड़ा जायेगा।

Key Words : Uttarakhand, Dehradun, CM, BJP, ‘Dedication Day’ program, Pandit Deen Dayal Upadhyay, Death Anniversary

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button