उत्तराखंड

पंचायतें मजबूत बनकर आर्थिकी के साधन तैयार करें : महाराज

डीबीएल संवाददाता।

रुद्रप्रयाग। पंचायतें मजबूत होकर अपनी आर्थिकी के साधन तैयार करें। अधिकारी छोटी-छोटी समस्याओं का निस्तारण निचले स्तर पर ही शीघ्रता से करें। यह बात जनपद मुख्यालय पर सोमवार को लोक निर्माण एवं पंचायती राज विभाग की 625.62 लाख की धनराशि की कई विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करते हुए प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, पंचायती राज, ग्रामीण निर्माण, सिंचाई, जलागम, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने अपने संबोधन में कही।

शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रम से पूर्व कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने तिलवाड़ा स्थित पर्यटक आवास गृह में पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनकर अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। कैबिनेट मंत्री महाराज ने जिला कार्यालय सभागार में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी अधिकारी राज्य एवं जनपद के विकास के लिए वर्क कल्चर डेवलप करते हुए विकास कार्यों में अपनी संपूर्ण सहभागिता सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि यह जनपद पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण स्थान रखता है। पर्यटन स्थलों को विकसित करने के लिए पर्यटन सर्किट बनाए जाने की दिशा में सरकार लगातार प्रयासरत है। प्राचीन मंदिरों को और अधिक विकसित करते हुए उनका व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया जा रहा है। कार्तिक स्वामी एवं कालीमठ को भी डेवलप किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आपदा के दृष्टिगत किसी आपदा से निपटने तथा त्वरित राहत राशि उपलब्ध कराए जाने हेतु सरकार द्वारा ग्राम प्रधानों को प्रतिवर्ष 10 हजार की धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है।

केदारनाथ विधायक शैला रानी रावत ने केदारनाथ यात्रा के सफल संचालन के लिए अन्य जनपदों से भी अधिकारियों की तैनाती किए जाने की मांग रखी। विधायक रुद्रप्रयाग भरत सिंह चैधरी ने सड़कों की नालियों के रख-रखाव एवं दुरस्त किए जाने के संबंध में स्थानीय महिला मंगल दलों के द्वारा किए जाने की मांग की।

इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह, भाजपा जिलाध्यक्ष महावीर सिंह पंवार, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं सम्बंधित विभागों के अफसर मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button