व्यक्तित्व

परिवार से मिला हौसला तो सोमा ने भरी उड़ान

कालसी के व्यास भूड़ गांव की महिला मंगल दल अध्यक्ष सोमा को विवेकानन्द युवा पुरस्कार से गया नवाजा : 

कामयाब इंसान खुश रहे न रहे, खुश रहने वाला इंसान जरूर कामयाब होता है। यह बात समझने के लिए आपको देहरादून जिले के कालसी ब्लॉक स्थित व्यास भूड़ गांव लेकर चलते हैं। सामाजिक सरोकरों से जुड़ी सोमा का गांव। सामाजिक, सांस्कृतिक और अपने रचनात्मक कार्यों के बूते सोमा ने समाज में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। वह आज जो भी हैं उसके पीछे परिवार का साथ और हौसला अफजाई ही उनकी ताकत रहा है।

कालसी के व्यास भूड़ गांव के महिला मंगल दल की अध्यक्ष सोमा को हाल ही में देहरादून के युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग की ओर से वर्ष 2016-17 में उनके उत्कृष्ट कार्यों के विवेकानन्द युवा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सोमा बताती हैं कि उन्होंने अपने दल की महिलाओं के साथ मिलकर कई साल पहले इस सफर की शुरूआत गांव की महिलाओं के साथ कई दौर की बैठकों के साथ की। महिलाओं की जरूरतों और समस्याओं को जाना जिसके बाद उन्हें सशक्त बनाने की पहल की गई। स्वयं सहायता समूहों का गठन, युवा कल्याण विभाग की परियोजना के तहत उन्हें अचार, पापड़ और फल संरक्षण का प्रशिक्षण दिलवाया गया। साथ ही उन्हें अधिकारों के प्रति भी जागरूक किया।

स्वच्छ भारत अभियान को अहम बताते हुए सोमा कहती हैं जनजातीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले उनके कालसी ब्लॉक में स्वास्थ्य सेवाओं और जागरूकता की कमी के चलते लोगों को गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, जिसके लिए बेहद महत्वपूर्ण है कि लोग साफ-सफाई की आदत की अहमियत को जानें। लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए सोमा और उनके सहयोगी समय-समय पर गांवों में साफ-सफाई अभियान चलाते रहते हैं। पेयजल श्रोतों, पानी की टंकियों की सफाई के दौरान लोगों का सहयोग जागरूकता का प्रमाण कहा जा सकता है।

सोमा को उनके सामाजिक कार्यों के लिए नेहरू युवा केंद्र एवं कई सामाजिक संस्थाओं द्वारा भी कई बार सम्मानित किया जा चुका है। सोमा कहती हैं कि उन्हें इस बात पर गर्व है कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े किसी भी कार्य में क्षेत्र की महिलायें उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग करती हैं जिससे मंजिल को पाना और भी सरल हो जाता है। 

Key Words : Uttarakhand,Dehradun, Kalasi Block, Mahila Mangal Dal, Vivekanand, Yoth Award

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button