उत्तराखंड

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने दिव्यांगों को वितरित की व्हील चेयर्स – यूथ फाउंडेशन के कैंप में 500 लोगों ने किया रक्तदान

देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने बुधवार को स्थानीय पवेलियन ग्राउण्ड में यूथ फाउण्डेशन उत्तराखण्ड द्वारा आयोजित ब्लड डोनेशन कैम्प एवं उत्तराखण्ड आयुर्वेद विश्वविद्यालय धन्वंत्री वैद्यशाला की ओर से लगाये गये निःशुल्क चिकित्सा शिविर का शुभारम्भ किया। कैम्प में लगभग 500 युवक-युवतियों ने रक्तदान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने दिव्यांगों को व्हील चियर का वितरण भी किया।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि रक्त दान पुण्य का काम है। एक यूनिट रक्त दान से चार लोगों को जीवन मिलता है। आज 500 लोगों के रक्तदान करने से दो हजार लोगों को इसका फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि दिव्यांगों के हितों के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार द्वारा राज्याधीन सेवाओं, शिक्षण संस्थाओं तथा सार्वजनिक उद्यमों निगमों एवं स्वायत्तशासी संस्थानों में दिव्यांगों के लिए निर्धारित 03 आरक्षण को बढ़ाकर 04 फीसदी करने का निर्णय लिया गया है। दिव्यांगों की सुविधा हेतु विभिन्न चयन संस्थाओं द्वारा आयोजित की जाने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं में सम्मिलित होने वाले दिव्यांग अभ्यर्थियों हेतु सुरक्षा प्रदान किये जाने, परीक्षा केन्द्र बहुमंजिले भवन में होने की स्थिति में भूतल स्थित कक्ष में सीट आवंटित किये जाने की व्यवस्था की गई है।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा महानगर कार्यालय, परेड ग्राउण्ड में रक्तदान शिविर एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में प्रतिभाग किया। शिविर में भाजपा के कार्यकर्ताओं एवं अन्य लोगों द्वारा भी रक्तदान किया गया। इसके उपरान्त मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने सिद्धपीठ प्राचीन शिव मन्दिर में पूजा अर्चना की।

इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चन्द अग्रवाल, विधायक खजान दास, विधायक हरबंस कपूर, विधायक उमेश शर्मा काऊ, भाजपा के जिलाध्यक्ष शमशेर सिंह पुण्डीर, पूर्व विधायक महावीर रांगड़, भाजपा नेता नरेश बंसल, विनय गोयल, सुनील उनियाल गामा, उमेश अग्रवाल आदि उपस्थित थे।

Key Words : uttarakhand, Dehradun, CM, Diwyang, Wheel Chairs,  Blood camp

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button