उत्तराखंड

उत्तरकाशी के गंगोरी में असी गंगा पर बना पुल टूटा – ओवरलोडिंग बताई जा रही वजह

शान्ति टम्टा/उत्तरकाशी। गंगोरी स्थित असी गंगा पर बना पुल आज गुरूवार की सुबह टूट गया। पुल के टूटने से गंगोत्री धाम और उत्तरकाशी मुख्यालय के बीच आवागमन ठप हो गया है। जिले में आई आपदा के बाद सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने आवागमन के लिए इस अस्थायी पुल का निर्माण किया था। हादसे को लेकर जहां एक ओर बीआरओ की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं वहीं दूसरी ओर यह बात भी आम चर्चा का विषय बन गई है कि आपदा के इतने लंबे समय बाद भी स्थाई पुल निर्माण क्यों नहीं किया गया। पुल टूटने का कारण ओवरलोडिंग बताया जा रहा है। मामले में जिलाधिकारी ने सम्बंधित विभाग और अफसरों की आपातकाल बैठक बुलाई है।

गुरूवार सुबह गंगोरी स्थित असी गंगा पर बना वैली ब्रिज टूट कर नदी में गिर गया। हादसे के कारण गंगोत्री धाम सहित भटवाड़ी, हर्षिल आदि आदि स्थानों का यातायात ठप हो गया है। सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण इस पुल के टूटने से जिले की भारत-चीन सीमा की चौकियों से भी संपर्क कट गया है। 2012 में उत्तराकाशी में असी गंगा में बाढ़ आने के कारण इस नदी पर बना स्थाई पुल बह गया था, जिसके बाद बीआरओ ने अस्थाई वैली ब्रिज का निर्माण किया था। तब से इसी पुल पर आवागमन जारी था। जबकि इतना लंबा समय बीतने के बाद भी स्थायी पुल का निर्माण नहीं किया जा सका। पुल के टूटने की वजह ओवरलोडिंग बताई जा रही है।

हादसे के बाद जिलाधिकारी ने सम्बंधित विभाग के अफसरों की बैठक बुलाकर मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नदी के ऊपर अस्थाई मार्ग बनाकर जल्द ही यातायात सुचारू किए जाने की पहल की जा रही है।

Key Words : Uttarakhand, Uttarkashi, asi Ganga, Bridge, Broken, Overloading

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button