उत्तराखंड

महिला दिवस पर आशा कार्यकत्रियों के लिए 33 करोड़ जारी – कार्यकत्रियों और एएनएम का होगा 2 लाख का बीमा

देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने गुरूवार को मुख्यमंत्री आवास में अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बारह हजार आशा कार्यकत्रियों तथा लगभग 2100 एएनएम के लिए दुर्घटना बीमा योजना की घोषणा की। मुख्यमंत्री कहा कि प्रदेश की आशा कार्यकत्रियों को वर्ष 2012-13 से रूकी हुई वार्षिक प्रोत्साहन धनराशि हेतु 33 करोड़ रूपये जारी कर दिये गए हैं। इससे प्रत्येक आशा कार्यकत्री को लगभग 25 हजार रूपये प्राप्त होंगे।

अध्यक्ष, चिकित्सा चयन बोर्ड डीएस रावत ने बताया कि वर्तमान में चालू भर्ती प्रक्रिया में 481 चिकित्सकों का चयन और हुआ है। जिसमें से 193 महिला चिकित्सक तथा 86 विशेषज्ञ डॉक्टर सम्मिलित हैं।

महानिदेशक चिकित्सा ने बताया कि चिकित्सा विभाग में 440 महिला स्वास्थ्य कार्यकत्री के रिक्त पदों के सापेक्ष 293 पदों पर चयन कर लिया गया है तथा 380 पदों पर चयन हेतु विज्ञप्ति जारी कर दी गयी है।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि इस वर्ष अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस की थीम है ‘प्रेस फॉर प्रोग्रेस’। प्रदेश में बाल लिंगानुपात में बेटियों की संख्या में 2011 की जनगणना के बाद वृद्धि तो हुई है, लेकिन इसको संतुलित करने के लिए व्यापक स्तर पर जन जागरूकता जरूरी है। 2011 में उत्तराखण्ड में बाल लिंगानुपात 890 था जो वर्तमान में 934 तक पहुंच गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2020 तक बाल लिंगानुपात को 950 से अधिक पहुंचाना होगा। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि अगर महिला मजबूत होगी तो समाज को मजबूती मिलेगी। यदि समाज के दो पहिये समान रूप से विकास में अपना योगदान देंगे तो प्रदेश एवं समाज का विकास तेजी से होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button