प्रदेश के शहरों को विकसित करना प्राथमिकता – डॉ. आर. राजेश कुमार
मुख्यमंत्री के विज़न के अनुसार शहरी विकास को नई दिशा, हरिद्वार-रुड़की महायोजना 2041 पर राज्य सचिवालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित

डीबीएल संवाददाता / देहरादून।
उत्तराखंड में नियोजित, संतुलित एवं सतत शहरी विकास को गति देने के उद्देश्य से आवास विभाग द्वारा लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। प्रस्तावित हरिद्वार एवं रुड़की महायोजना-2041 के प्रारूप पर आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने बैठक के दौरान कहा कि सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार उत्तराखंड के शहरों को आधुनिक, सुव्यवस्थित और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करना प्राथमिक लक्ष्यों में शामिल है।
बैठक में नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के मुख्य नगर एवं ग्राम नियोजक सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
भविष्य के शहरों का रोडमैप :
बैठक में हरिद्वार एवं रुड़की क्षेत्र के दीर्घकालिक विकास को दृष्टिगत रखते हुए महायोजना के विभिन्न प्रावधानों पर विस्तृत चर्चा की गई। चीफ टॉउन एंड कन्ट्री प्लॉनर शशि मोहन श्रीवास्तव ने इस योजना की बावत सभी महत्वपूर्ण जानकारी सचिव आवास डॉ आर राजेश कुमार से साझा की।
सहभागिता को मिला विशेष महत्व :
हरिद्वार एवं रुड़की महायोजना-2041 के प्रारूप पर सार्वजनिक सुनवाई की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न की जा चुकी है। इस प्रक्रिया के अंतर्गत हरिद्वार महायोजना के लिए लगभग 350 तथा रुड़की महायोजना के लिए लगभग 550 सुझाव एवं आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। बैठक के दौरान इन सभी आपत्तियों एवं सुझावों पर चर्चा करते हुए उनके निस्तारण की प्रक्रिया को अंतिम रूप देने पर मंथन किया गया।



