दून डेयर डेविल्स बनी विजेता – 6 विकेट से दून सुपर किंग्स को दी मात

डीबीएल संवाददाता / देहरादून।
उत्तरांचल प्रेस क्लब के तत्वावधान में आयोजित द्वितीय मंजूल सिंह मांजिला स्मृति अंतर क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला सोमवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर में खेला गया। रोमांचक मुकाबले में दून डेयर डेविल्स ने दून सुपर किंग्स को 6 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। मैन ऑफ द मैच का खिताब अरविंद रावत के नाम रहा। टूर्नामेंट की मैन ऑफ द सीरिज सोबन सिंह गुसाईं, बेस्ट बॉलर ऑफ द टूर्नामेंट अजय राणा व बेस्ट बेस्टमेन ऑफ टूर्नामेंट सोबन सिंह गुसाईं को मिला। इसके साथ ही 50 प्लस खिलाड़ियों में बेस्ट बॉलर ऑफ टूर्नामेंट में अजय राणा व बेस्ट बेस्टमेन ऑफ टूर्नामेंट शैलेन्द्र सेमवाल को मिला।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दून सुपर किंग्स ने 19.1 ओवर में 142 रन बनाए। टीम की ओर से रुपेश ने 33 रन, दीपक पुरोहित ने 30 रन, हिमांशु जोशी ने 15 रन, मनीष डंगवाल व संजय नेगी ने 9-9 रन तथा शैलेंद्र सेमवाल ने 7 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए दून डेयर डेविल्स ने 15.4 ओवर में 4 विकेट खोकर 146 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष भाजपा सिद्धार्थ अग्रवाल ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं समाज में अनुशासन, एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती हैं। सीएयू के संरक्षक पीसी वर्मा ने विजेता टीम को 11,000 रुपये अतिरिक्त देने की घोषणा करते हुए कहा कि उत्तराखंड में खेलों की अपार संभावनाएं हैं और ऐसे आयोजन प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं।अतिथि ललित जोशी ने कहा कि प्रेस क्लब की यह पहल सराहनीय है। उन्होंने “नशे को ना और जिंदगी को हां” का संदेश देते हुए युवाओं को खेलों से जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब महामंत्री योगेश सेमवाल ने किया, जबकि कमेंट्री राजेश बहुगुणा एवं मनमोहन सिंह पंवार ने संयुक्त रूप से की।



