सरकार जनता के द्वार : चकराता की न्याय पंचायत दसऊ में जन शिकायतों का हुआ समाधान

डीबीएल संवाददाता/ देहरादून।
जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार प्रशासन गांव की ओर अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को विकासखंड चकराता के दूरस्थ न्याय पंचायत दसऊ में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के माध्यम से 735 से अधिक लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया। शिविर में नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत सभी उपस्थितजनों को मादक पदार्थों से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।
शिविर में बाल विकास विभाग द्वारा 03 महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट तथा 10 लाभार्थियों को किशोरी किट प्रदान की गई। शिविर के दौरान 18 व्यक्तियों के आधार कार्ड का अद्यतन किया गया तथा 08 दिव्यांग प्रमाण-पत्र भी मौके पर ही निर्गत किए गए। इन सभी दिव्यांगजनों को समाज कल्याण विभाग के माध्यम से पेंशन भी स्वीकृत की गई।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने विगत दिनों ग्राम क्वानू में हिमाचल परिवहन की बस दुर्घटना में 28 घायलों को बचाने में फर्स्ट रिस्पॉन्डर के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले 14 स्थानीय लोगों को परिवहन विभाग की राहगीर योजना के अंतर्गत सम्मानित किया। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी जनशिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
शिविर में जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से प्राप्त 45 समस्याओं में से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया। बहुउद्देशीय शिविर में कुल 735 से अधिक लोगों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित किया गया।
इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट डा. हर्षिता सिंह, मुख्य चिकत्सा अधिकारी डा एमके शर्मा, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, तहसीलदार प्रदीप नेगी, जिला पर्यटन विकास अधिकारी बृजेन्द्र पांडेय, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेन्द्र कुमार, खंड विकास अधिकारी राकेश बिष्ट, अन्य विभागीय अधिकारी सहित ग्राम प्रधान शूरवीर सिंह चौहान, मातवर सिंह तोमर, सूर्य प्रताप सिंह चौहान, पदम सिंह चौहान, यादवीर सिंह चौहान, टीकम सिंह, जगत राम, बलबीर सिंह चौहान, मातवार सिंह एवं बडी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।



