पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारियों की याद दिलाता है हरेला पर्व : सीएम
सीएम धामी ने रोपा रुद्राक्ष का पौधा - प्रदेशवासियों को शुभकामनायें दीं

डीबीएल संवाददाता / देहरादून।
लोकपर्व हरेला के अवसर पर देहरादून के गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज परिसर में “हरेला का त्योहार मनाओ, धरती माँ का ऋण चुकाओ” थीम पर आयोजित राज्यव्यापी पौधारोपण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्राक्ष का पौधा रोपा। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं दीं।
संस्कृति और चेतना का पर्व है हरेला :
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि उत्तराखंड की संस्कृति, प्रकृति और चेतना से जुड़ा एक भाव है, जो हमें पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारियों की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि हरेला पर्व के दिन लगभग 5 लाख पौधे रोपे जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वन विभाग के प्रत्येक डिवीजन में 50 प्रतिशत फलदार पौधे लगाए जाने का लक्ष्य तय किया गया है। उन्होंने कहा कि इस महाभियान में सरकार द्वारा जनसहभागिता, स्वयंसेवी संगठनों, छात्र-छात्राओं, महिला समूहों और पंचायतों का सहयोग लिया जा रहा है।
कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी और वन मंत्री सुबोध उनियाल ने भी प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विधायक सविता कपूर, खजान दास, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, प्रमुख वन संरक्षक समीर सिन्हा सहित वन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।