खेल सिर्फ शारीरिक गतिविधि नहीं बल्कि जीवन जीने की कला : सबीना
पीएसपीबी की 33वीं बास्केटबॉल 45वीं वॉलीबॉल चैम्पियनशिप - वॉलीबॉल और बास्केटबॉल में ओएनजीसी की टीम के नाम रहा दिन


डीबीएल संवाददाता / देहरादून
ऑयल एंड नेचुरल गैस कारपोरेशन ओएनजीसी के पब्लिक सेक्टर स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड पीएसपीबी के तत्वावधान में देहरादून के परेड़ ग्राउन्ड स्थित इंडौर स्टेडियम में बास्केटबॉल एवं वॉलीबॉल चैम्पियनशिप के मुकाबलों की शुरूआत हो गई। इस मौके पर पब्लिक सेक्टर स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड की मेम्बर सेकेट्ररी सबीना चौधरी ने कहा कि खेल सिर्फ शारीरिक गतिविधि नहीं बल्कि जीवन जीने की कला है। मैदान में हार व जीत से बडी खेल और समर्पण की भावना होती है।
टूर्नामेंट का शुभारम्भ ओएनजीसी के निदेशक एचआर मनीष पाटिल एवं प्रमुख मानव संसाधन सेवाएं नीरज कुमार शर्मा ने किया। इस अवसर पर ओएनजीसी के निदेशक पाटिल ने खिलाडियों की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न अंग है। खेल हमें स्वस्थ रहने व टीमवर्क, अनुशासन और नेतृत्व को विकसित करने मे मदद करते हैं। एचसीए नीरज शर्मा ने कहा कि ओएनजीसी प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियो को प्रोत्साहित करने के लिए खेल छात्रवृति योजना भी संचालित करता है।
इस मौके पर ओएनजीसी के खेल प्रमुख निशांत कुमार, अन्तराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं इंचार्ज वॉलीबॉल अविनाश कुमार यादव, उप महा प्रबंधक विशाल कुमार शर्मा, मुख्य प्रबंधक एवं बास्केटबॉल इंचार्ज दिनेश कुमार, बास्केट वाल फेडरेशन आफ इंडिया के तकनीकी निदेशक नारमन आईसेक आदि मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में छह टीमें कर रहीं प्रतिभाग :

6 मार्च से 9 मार्च तक चलने वाले चार दिवसीय टूर्नामेंट में सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम ओएनजीसी, आईओसीएल, बीपीसीएल, एचपीसीएल, सीपीसीएल, ओआईएल,एवं एमआरपीएल के खिलाडी दमखम के साथ भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में वॉलीबॉल की आठ टीमें और बास्केटबॉल की छह टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
ओएनजीसी ने बीपीसीएल को दी 3-0 से हराया :
शुक्रवार को ओएनजीसी व बीपीसीएल के वालीबॉल मैच में ओएनजीसी ने बीपीसीएल को 3-0 से शिकस्त देकर बढ़त हासिल की। बास्केटबॉल मैच में ओएनजीसी (71) ने आईओडी(39) और ओआईएल(89) ने आईओसीएल(45) को शिकस्त देकर दूसरे दौर में प्रवेश किया ।



