उत्तराखंड

न्याय की समझ एवं जागरूकता हर व्यक्ति तक सरल रूप से पहुंचे : जस्टिस पुनीत कुमार

डीबीएल संवाददाता / देहरादून।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण-चमोली के तत्वावधान में विकासखंड नंदानगर में जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में बहुउद्देशीय विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। इस अवसर पर सीनियर सिविल जज सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चमोली पुनीत कुमार ने कहा कि न्याय की समझ और जागरूकता समाज के हर व्यक्ति तक सरल रूप से पहुंच सके इन्हीं उद्देश्यों की प्राप्ति के लिए सभी विभागों के समन्वय एवं सहयोग से बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।

सोमवार को चमोली जनपद के नंदानगर में आयोजित बहुउद्देशीय विधिक साक्षरता शिविर का शुभारंभ करते हुए सीनियर सिविल जज सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चमोली पुनीत कुमार ने कहा कि हमारे देश का संविधान समाज के हर व्यक्ति को गरिमामय जीवन जीने का अधिकार प्रदान करता है। समाज में वर्गों के आधार पर किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बहुउद्देशीय शिविर के आयोजन का लक्ष्य हर व्यक्ति को उनके अधिकारों एवं कानून के बारे में जागरूक करना है।

शिविर में 32 सरकारी विभागों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं तथा महिला स्वयं सहायता समूहों व स्वायत सहकारिताओं के स्टालों के माध्यम से जन समुदाय को योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान लोगों को वनाग्नि, साइबर सुरक्षा आदि महत्वपूर्ण विषयों के बारे में भी जागरूक किया गया। रुद्रेश कला मंच गोपेश्वर की ओर से नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश दिया गया।

इस मौके पर तहसीलदार आर. के. देवली, अध्यक्ष बार संघ गोपेश्वर भरत सिंह रावत, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ वैभव कृष्णा, मुख्य कानूनी सहायता रक्षा परामर्शदाता समीर बहुगुणा, डिप्टी कानूनी सहायता रक्षा परामर्शदाता मोहन पंत, हिमाद सचिव उमा शंकर बिष्ट एवं सुखबीर रौतेला अधिकार मित्र आदि ने अपने विचार साझा किए।

शिविर में तहसील नंदानगर के अधिकार मित्रों तथा नन्दानगर घाट के समस्त पंचायत प्रतिनिधि, महिला स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों, विद्यालय के छात्र छात्राओं, भूत पूर्व सैनिकों, युवक मंगलदलों एवं महिला मंगल दल के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button