मरीजों को अस्पताल में ही उपलब्ध करायें दवाइयां : उनियाल
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने सीएचसी रायपुर में व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

डीबीएल संवाददाता ।
स्वास्थ्य मंत्री उत्तराखंड सुबोध उनियाल ने शुक्रवार को देहरादून के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायपुर का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य मंत्री ने मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि चिकित्सकों को अपने कर्तव्यों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए कि मरीजों को दवाइयां बाहर से खरीदने की जरूरत न पड़े।
स्वास्थ्य मंत्री ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायपुर में पर्चा काउंटर, अस्पताल की ओपीडी, दवा वितरण केंद्र, वार्ड, इमरजेंसी एवं साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। मंत्री ने अस्पताल पहुंचे मरीजों से भी बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को उच्च स्तर पर बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया। मंत्री ने कहा कि मरीजों को सम्मानजनक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। स्वास्थ्य मंत्री ने निरीक्षण के दौरान सीएचसी रायपुर की निर्माणाधीन नई बिल्डिंग को भी निर्धारित अवधि में पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।



