प्रवासी परिंदों से गुलजार होने लगी आसन झील

डीबीएल संवाददाता।
सर्दियों के मौसम की दस्तक के साथ ही उत्तराखंड के पछवादून स्थित आसन झील में विदेशी परिंदों की आवाजाही से खुशनुमा माहौल बन गया है।
देहरादून जिले के विकासनगर ढालीपुर क्षेत्र में स्थित आसन झील प्राकृतिक सुंदरता और जैव विविधता के लिहाज से उत्तराखंड की महत्वपूर्ण धरोहरों में शामिल है। हर साल अक्टूबर और नवंबर महीने से यहां विदेशी प्रवासी पक्षियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाता है। सर्दियों मौसम की शुरूआत में विश्व के कई देशों में पड़ने वाली भारी बर्फवारी और ठंड से निजात के लिए हजारों किमी का सफर तय कर प्रवासी परिंदे आसन झील को अपनी आसियाना बना लेते हैं।
वन विभाग का कहना है कि आसन झील में हर साल अक्टूबर के माह में प्रवासी पक्षियों की आवाजाही शुरू हो जाती है और मार्च के महीने तक यह सिलसिला जारी रहता है। आने वाले दिनों में प्रवासी पक्षियों की संख्या में तेजी से इजाफा होगा और आसन झील एक बार फिर हजारों विदेशी परिंदों की स्थली बन पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बन जाएगी।



