सीएम धामी ने केदारनाथ धाम में भारत पेट्रोलियम के अस्पताल का लोकार्पण किया

डीबीएल संवाददाता।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार केदारनाथ धाम में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर एवं त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले इस उच्च हिमालयी क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त अस्पताल का संचालन स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती प्रदान करेगा। भारत पेट्रोलियम का अस्पताल यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय नागरिकों के लिए भी लाभकारी साबित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन ने केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित बनाए रखने हेतु स्वास्थ्य सेवाओं को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। यात्रा मार्ग पर चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, स्वास्थ्य जांच केंद्रों, ऑक्सीजन सुविधाओं एवं आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर भारत पेट्रोलियम कॉर्पाेरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय खन्ना, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह-सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल, अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सोनी, विश्व हिंदू परिषद के संरक्षक दिनेश चंद्र, बद्री केदार मंदिर समिति अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, बद्री केदार उपाध्यक्ष विजय कप्रवान, विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल केदार सभा के अध्यक्ष पं. राजकुमार तिवारी, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक निहारिक तोमर, सहित गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
सीएम ने प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की:
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बाबा केदार के दर्शन एवं पूजा अर्चना कर प्रदेश की सुख समृद्धि और जनकल्याण की कामना भी की। उन्होंने कहा कि श्री केदारनाथ धाम केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि सेवा एवं मानवता का भी प्रतीक है और इसी भावना के साथ सरकार देवभूमि में स्वास्थ्य एवं जनसुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रही है।



