संस्कृति एवं संभ्यता

सांस्कृतिक धरोहर गौचर मेले का हुआ शुभारंभ – सात दिवसीय आयोजन में होंगे लोक परंपराओं के दर्शन

डीबीएल संवाददाता / देहरादून।

गौचर में शनिवार को 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधिवत पूजा अर्चना कर सात दिवसीय मेले का उद्घाटन किया। गौचर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का बैंड की मधुर धुनों, पुष्पमालाओं एवं पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया। मुख्यमंत्री ने मेले के संस्थापक गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को गौचर मेले का शुभंकर भेंट कर उनका स्वागत किया।

मेले का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गौचर मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध व्यापारिक परंपरा और विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मेले हमारी लोक संस्कृति, लोक कला और पारंपरिक विरासत को संरक्षित करने के साथ ही समाज को आपस में जोड़ने का कार्य करते हैं। पीढ़ियों से चली आ रही इन परंपराओं को सहेजना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का साझा दायित्व है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास है कि युवाओं को अपने ही गांव और क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार के पर्याप्त अवसर मिलें। कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और हस्तशिल्प जैसी गतिविधियों के माध्यम से उनकी आय में वृद्धि हो, ताकि उन्हें रोजगार के लिए मजबूरी में अपने घर और गांव से पलायन न करना पड़े। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार पर्यटन नीति, होमस्टे नीति, फिल्म नीति और सौर स्वरोजगार योजना सहित विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना है। इसके लिए विकास कार्यों को गति देने के साथ ही राज्य की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय परंपराओं और जनभावनाओं का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों को गौचर मेले की शुभकामनाएं देते हुए मेले को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री चमोली भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायकअनिल नौटियाल, दर्जा राज्य मंत्री हरक सिंह नेगी, बलवीर घुनियाल, रमेश गड़िया, राम चन्द्र गौड़, माधव प्रसाद सेमवाल, प्रेम सिंह राणा, चन्द्रकला तिवारी, अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक चमोली गजेन्द्र सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह बर्त्वाल, नगर पालिका परिषद गौचर अध्यक्ष संदीप नेगी, ब्लॉक प्रमुख कर्णप्रयाग दीपिका मैखुरी, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

1943 से हो रहा मेले का आयोजन :

वर्ष 1943 में स्थानीय व्यापारियों, समाजसेवियों और तत्कालीन प्रशासन के सहयोग से भोटिया व्यापार मेले के रूप में इसकी शुरुआत हुई थी। उस समय गौचर भारत-तिब्बत व्यापार का एक महत्वपूर्ण केंद्र था, जहां ऊन, पश्मीना, जड़ी-बूटियों सहित विभिन्न स्थानीय उत्पादों का व्यापार होता था। समय के साथ इस मेले ने अपने स्वरूप का विस्तार किया और आज यह औद्योगिक एवं सांस्कृतिक मेले के रूप में प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button