सामाजिक सरोकार

27 से 29 नवंबर तक होगा देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल का आयोजन

एआर रहमान, इम्तियाज अली, विशाल व रेखा भारद्ववाज, शबाना आजमी सहित कई जानी-मानी हस्तियां करेंगी डीडीएलएफ में प्रतिभाग

डीबीएल संवाददाता / देहरादून।

देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल का आयोजन 27 से 29 नवंबर तक दून इंटरनेशनल स्कूल में किया जाएगा। इस मौके पर साहित्य, सिनेमा, रंगमंच, कला आदि से जुड़ी हस्तियां आयोजन में प्रतिभाग करेंगी।

दून के एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में फिल्म निर्देशक, लेखक एवं संगीतकार विशाल भारद्वाज, डीडीएलएफ के संस्थापक समरांत विरमानी, दून इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक एचएस मान, सौम्या कुलश्रेष्ठ, शुभी मेहता आदि ने लिटरेचर फेस्टिवल के बारे में विस्तार से जानकारी दी। डीडीएलएफ के संरक्षक विशाल भारद्वाज ने बताया कि इस बार के आयोजन का नाम दुआ- देहरादून यूनाइट्स आर्टिस्ट्स है। उन्होंने कहा कि आयोजन के माध्यम से आने वाले फंड का इस्तेमाल पर्वतीय क्षेत्रों के अस्पतालों की व्यवस्थाओं की मजबूती के लिए किया जाएगा।

आयोजन के बारे में बताते हुए सौम्या कुलश्रेष्ठ ने कहा कि फिल्मों, कलात्मक यात्राओं, साहित्यों आदि के बारे में चर्चा के अलावा विख्यात लेखक रस्किन बॉन्ड के लोकप्रिय प्रथम उपन्यास ‘द रूम ऑन द रूफ’ के 70 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में उत्सव मनाया जाएगा।

डीडीएलएफ के संस्थापक समरांत विरमानी ने कहा कि इस बार हमारा प्रयास साहित्य के क्षेत्र को और अधिक मजबूत बनाने के साथ संस्कृति को सामाजिक बदलाव की प्रेरणाश्रोत बनाने का रहेगा।

विद्यार्थियों, युवा पाठकों और महोत्सव में आने वाले बुद्धिजीवियों के लिए डीडीएलएफ चौपाल में कविता, गीत लेखन विषयों पर कार्यशाला, खुला मंच, सामूहिक संगीत, सामूहिक गायन, कला गतिविधियां के अलावा वक्ताओं के साथ अनौपचारिक संवाद भी आयोजित किया जाएगा।

देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल में सभी लोग प्रतिभाग कर सकेेंगे। आयोजन में इच्छुक प्रतिभागी महोत्सव की वेबसाइट www.dehradunliteraturefestival.com के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं।

‘लाइफ लिटरेचर लेगेसी’ है इस बार की थीम :

आयोजन में ‘लाइफ लिटरेचर लेगेसी’ थीम के तहत बु़िद्धजीवियों के साथ विभिन्न विषयों पर संवाद किए जाएंगे। अभिनेत्री एवं सामाजिक कार्यकर्ता शबाना आजमी अपने सिनेमा और रंगमंच की यात्रा और अनुभवों का साझा करेंगीं। अभिनेत्री रत्ना पाठक शाह कला व सामाजिक तानोबानो पर चर्चा करेंगीं। अभिनेता राज बब्बर अपनी बेटी जूही बब्बर के साथ कलात्मक विरासत और पीढ़ियों के बीच रचनात्मक परंपरा के विषयों पर चर्चा में प्रतिभाग करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button