हीट वेव – अगले दो दिन तेज गर्मी का अलर्ट

डीबीएल संवाददाता।
भारत मौसम विज्ञान विभाग,देहरादून ने सोमवार को जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखण्ड राज्य के मैदानी जनपदों में 25 मई से 27 मई, 2026 तक लू जैसी स्थिति की संभावना व्यक्त की गई है। विशेष रूप से हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, देहरादून, पौड़ी, नैनीताल एवं चम्पावत जनपदों के कुछ स्थानों पर हीट वेव जैसी स्थिति बन सकती है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने पत्र जारी कर सभी जनपदों को सतर्क रहने एवं आवश्यक एहतियाती व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र एवं नियंत्रण कक्ष को 24×7 सक्रिय रखने, स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर अस्पतालों में पर्याप्त दवाइयां, ओआरएस, बर्फ एवं आवश्यक उपकरण उपलब्ध रखने तथा लू एवं शरीर में पानी की कमी से प्रभावित मरीजों के उपचार हेतु विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने आम जनमानस से गर्मी के दौरान दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी एवं तरल पदार्थ का सेवन करने की अपील की है।



