13 नवंबर को दून विश्वविद्यालय में होगा प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन
प्रमुख सचिव ने तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी दिवस सम्मेलन के आयोजन के सम्बन्ध में ली बैठक

डीबीएल संवाददाता / देहरादून।
देहरादून के दून विश्वविद्यालय में 13 नवंबर को प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन का आयोजन होगा। प्रदेश के प्रमुख सचिव आरके सुधांशु की अध्यक्षता में प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन-2026 की तैयारियों के संबंध में गठित समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सम्मेलन के सफल आयोजन के प्रचार प्रसार के संबंध में चर्चा की गई।
बुधवार को सचिवालय में प्रमुख सचिव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप, युवा एवं नवाचार पूर्ण स्वरूप में आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि यह आयोजन अपनी विशिष्ट पहचान बना सके। उन्होंने देश के विभिन्न प्रांतों एवं शहरों में रहकर अलग-अलग क्षेत्रों में कार्य कर रहे प्रवासी उत्तराखण्डियों को चिह्नित कर सम्मेलन में आमंत्रित करने पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि सम्मेलन के माध्यम से प्रवासी उत्तराखण्डियों के साथ सार्थक संवाद स्थापित करने तथा राज्य के विकास में उनके अनुभवों, सुझावों एवं योगदान का लाभ लेने के प्रयास किये जाएं।
बैठक में सचिव शैलेश बगोली, विनोद कुमार सुमन, सी रविशंकर, राजेंद्र कुमार, दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
पंजीकरण प्रक्रिया शुरू :
तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी दिवस के लिए पंजीकरण प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। सम्मेलन का आयोजन देहरादून स्थित दून विश्वविद्यालय के नित्यानंद ऑडिटोरियम में किया जाएगा। प्रमुख सचिव ने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सम्मेलन की विस्तृत रूपरेखा अंतिम रूप से तैयार करने तथा तैयारियों की प्रगति के संबंध में अपडेट देने के निर्देश दिए।



