स्वास्थ्य विभाग की शानदार पहल : हेली सेवा से जखोली की गर्भवती महिला को समय पर मिल सका उपचार

डीबीएल संवाददाता / देहरादून।
रुद्रप्रयाग जिले के जखोली क्षेत्र की गर्भवती महिला को हेली हैल्थ सेवा के माध्यम से जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग रेफर किया गया। समय रहते महिला को विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार मिल सका। यह कदम उन इलाकों के लिए किसी जीवन रेखा से कम नहीं है, जहां सड़क और समय दोनों ही बड़ी चुनौती बन जाते हैं। इस पहल ने यह साबित किया है कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
स्वास्थ्य सचिव सचिन कुर्वे ने कहा है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के निर्देशों में राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ और समावेशी बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाली गर्भवती महिलाओं के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करना इसी सोच का परिणाम है, ताकि किसी भी महिला को समय पर उपचार से वंचित न रहना पड़े। प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाली कई गर्भवती महिलाएं समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पातीं, जिससे जोखिम बढ़ जाता है। हेलीकॉप्टर सेवा के माध्यम से अब उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं को समय रहते अस्पताल तक पहुंचाया जा सकेगा।
स्वास्थ्य सचिव सचिन कुर्वे ने यह भी कहा कि आने वाले समय में इस सेवा का विस्तार किया जाएगा और इसे और अधिक प्रभावी बनाने के लिए तकनीकी और प्रशासनिक स्तर पर सुधार किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।



