जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाना मकसद : जोशी
सामाजिक सरोकार : पूर्व आईपीएस अधिकारी जगत राम जोशी की पहल - 300 जरूरतमंद परिवारों को बांटे रजाई व गद्दे
डीबीएल संवाददाता / देहरादून।
रिटायरमेंट के बाद सामाजिक सरोकारों से जुड़े पूर्व आईपीएस अधिकारी जगत राम जोशी की अगुवाई में जौनसार के खत बमठाड क्षेत्र के 300 जरूरतमंद परिवारों को सर्दी से बचाव के लिए रजाई गद्दे वितरित किए गए।
गरीब व असहाय लोगों की मदद के लिए जगत राम जोशी किसी मसीहा से कम नहीं हैं। देहरादून जिले के सहिया में सरदार महिपाल राजेन्द्र जनजातीय कॉलेज के परिसर में अयोजित कार्यक्रम में अपनी बात रखते हुए जगतराम जोशी ने बताया कि निस्वार्थ भाव व जनसहयोग के रूप में जरूरतमंदों की मदद का जरिया बनने का यह सफर उनके पुलिस सेवा के कार्यकाल से जारी है।
उन्होंने बताया कि अपने सहयोगियों के सहयोग से गरीब लोगों के स्वास्थ जांच की पहल की जा रही है। क्षेत्र के कई गांवों में आंखों की जांच के कैंप लगाए गए हैं। हर जरूरतमंद के चेहरे पर खुशी लाना उनका मकसद है। सहिया क्षेत्र में निराश्रित गो संरक्षण सेवा समिति की टीम की सराहना करते हुए उनके कार्यों को अनुकरणीय बताया।
आयोजन में शिक्षाविद् रणवीर चौहान, गौ संरक्षण सेवा समिति के अध्यक्ष मोहन लाल शर्मा एवं राकेश चौहान, रंगकर्मी व संस्कृति संयोजक डॉ0 नन्दलाल भारती, पं0 मुन्ना लाल नौटियाल आदि ने भी सेवा भाव के लिए जगतराम जोशी के कार्याें को प्रेरणाश्रोत बताते हुए अपनी बात साझा की।
इस अवसर पर सहिया मंडी समिति अध्यक्ष राजेश जैन, अमित पाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष विनोद कुमार भसीन सहित आमंत्रित अतिथि व बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। मंच संचालन भीम दत्त वर्मा ने किया।



