उत्तराखंड

गर्व : राष्ट्रपति भवन के एट होम रिसेप्शन के लिए अल्मोड़ा की गर्विता भाकुनी चयनित

देशभर से कुल पांच युवा आपदा मित्र कैडेट्स का हुआ है चयन

डीबीएल संवाददाता।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले एट होम रिसेप्शन में उत्तराखण्ड से गर्विता भाकुनी का चयन हुआ है। गर्विता लोअर मॉल रोड, अल्मोड़ा की निवासी हैं, जो इस महत्वपूर्ण समारोह में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी। देशभर से कुल पांच युवा आपदा मित्र कैडेट्स का चयन किया गया है।

गर्विता भाकुनी राष्ट्रीय कैडेट कोर एनसीसी की युवा आपदा मित्र कैडेट हैं। उत्तराखण्ड के अलावा कर्नाटक, मध्य प्रदेश, मिजोरम तथा नागालैंड से युवा आपदा मित्र कैडेट का इस समारोह हेतु चयन किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गर्विता भाकुनी को इस उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सम्मान उत्तराखण्ड के युवाओं की सेवा भावना, अनुशासन एवं आपदा प्रबंधन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

4,310 युवाओं को किया जा रहा प्रशिक्षित:

सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एनडीएमए के सहयोग से संचालित युवा आपदा मित्र योजना के अंतर्गत उत्तराखण्ड में 4,310 युवाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इनमें एनसीसी, एनएसएस, एमवाईबी एवं भारत स्काउट एवं गाइड के स्वयंसेवक शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 2,700 युवाओं को आपदा प्रबंधन, खोज एवं बचाव, प्राथमिक उपचार, निकासी, आपातकालीन प्रतिक्रिया, सामुदायिक जागरूकता तथा आपदा जोखिम न्यूनीकरण का प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button