काशीपुर प्रदेश में और रुद्रपुर हिमालयी राज्यों में स्वच्छता में अव्वल
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में काशीपुर और रुद्रपुर की उपलब्धि पर मुख्यमंत्री धामी ने दी बधाई

डीबीएल संवाददाता / देहरादून।
नई दिल्ली में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत उत्तराखण्ड के काशीपुर को प्रदेश में तथा रुद्रपुर को हिमालयी राज्यों की श्रेणी में प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह उपलब्धि स्वच्छता के प्रति जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और आम नागरिकों की सामूहिक प्रतिबद्धता, समर्पण एवं निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आज गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में काशीपुर के महापौर दीपक बाली, रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा, शहरी विकास विभाग के निदेशक विनोद गोस्वामी, काशीपुर के नगर आयुक्त रवीन्द्र बिष्ट, रुद्रपुर की नगर आयुक्त शिप्रा जोशी तथा स्वच्छ भारत मिशन के राज्य मिशन प्रबंधक मनोज पांडे ने भेंट की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत काशीपुर एवं रुद्रपुर को प्राप्त उपलब्धियों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी योजनाओं और व्यवस्थाओं तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी और सामूहिक जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। शहरी क्षेत्रों में प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन, कूड़े का वैज्ञानिक निस्तारण, स्वच्छता के आधुनिक बुनियादी ढांचे का विकास तथा सार्वजनिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में जनभागीदारी को और अधिक मजबूत करते हुए निकायों को स्वच्छता के प्रति नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करने चाहिए।



