उत्तराखंड

प्रकाश पर्व पर सीएम आवास में सजा कीर्तन दरबार

देहरादून। शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में श्री गुरू गोविंद सिंह जी महाराज के 350 वें प्रकाश पर्व वर्ष को समर्पित ‘कीर्तन दरबार’ का आयोजन किया गया। ‘कीर्तन दरबार’ में प्रतिभाग करते हुए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने गुरू ग्रन्थ साहिब के मत्था टेका और गुरू गोविंद सिंह जी महाराज का स्मरण किया।

मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि यह बड़े सौभाग्य की बात है कि मुख्यमंत्री आवास में श्री गुरू गोविंद सिंह जी महाराज के 350 वें प्रकाश पर्व वर्ष को समर्पित ‘कीर्तन दरबार’ का आयोजन किया गया। उडी़सा में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री गुरू गोविंद सिंह जी महाराज के 350 वें प्रकाश पर्व वर्ष को राष्ट्रीय स्तर पर मनाए जाने का प्रस्ताव रखा था। गुरू गोविंद सिंह जी ने धर्म व समाज की रक्षा के लिए अपने पिता को बलिदान के लिए प्रेरित किया और अपने दोनों पुत्रों का बलिदान किया। इतिहास में ऐसी मिसाल बहुत ही कम देखने को मिलती है।

मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि गुरू गोविंद सिंह जी महाराज के 350 वें प्रकाश पर्व को राष्ट्रीय पर्व की तरह मनाया जाना चाहिए। देहरादून में गुरू गोविंद सिंह जी को समर्पित एक कार्यक्रम का बडे़ स्तर पर आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञान गोदड़ी के मामले के हल के लिए एक कमेटी बनाई जाएगी जिसमें सभी की राय से सदस्य नामित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल, मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, विधायक हरबंस कपूर, हरभजन सिंह चीमा, गणेश जोशी, खजानदास, राष्ट्रीय सिख संगत के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन अविनाश जायसवाल, राष्ट्रीय महासचिव डा.अवतार सिंह शास्त्री, सहित अन्य गणमान्य व राज्य के विभिन्न स्थानों से आए सिख संगत उपस्थित थे।

Key Words : Uttarakhand, Dehradun, CM Awas, Praksh Parve

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button