उत्तराखंड

मुख्यमंत्री ने नेलांग में फहराया तिरंगा – आईटीबी जवानों के पराक्रम और साहस को बताया अद्वितीय

शान्ति टम्टा उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने शुक्रवार को 69 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर उत्तरकाशी के नेलांग पोस्ट पर जाकर आईटीबीपी के जवानों के साथ गणतंत्र दिवस मनाया। मुख्यमंत्री नेलांग में ध्वजारोहण करने के बाद कहा कि देश के सैनिक एवं अर्द्धसैनिक बलों के जवान विपरीत परिस्थितियों में जिस बुलंद हौंसले के साथ देश की सेवा कर रहे हैं, इसी के परिणामस्वरूप आज हम आजादी से सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपने पराक्रम और साहस के कारण हमारे जवान दुनिया में सर्वश्रेष्ठ माने जाते हैं। जवानों के उत्साहवर्धन के लिए उनके साथ समय बिताया और मिष्ठान वितरण भी किया।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि आईटीबीपी के जवान देश के प्रति निष्ठा से अपने कर्तव्यों का पालन करने के साथ ही सामाजिक हित के कार्यों में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। केन्द्र सरकार ने आईटीबीपी के जवानों के कल्याण हेतु कई प्रयास किये हैं। आईटीबीपी को आधुनिक संसाधनों से लैस बनाया गया है, ताकि जवान भविष्य में आने वाली चुनौतियों के लिए और अधिक सक्षम हों। इसके लिए जवानों को ऑप्टिकल डिवाइस, टैलीकम्यूनिकेशन जैसे आधुनिक उपकरण प्रदान किये गये हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आईटीबीपी की सभी अग्रिम चैकियां सड़क मार्ग से जुड़ जाएं, इसके लिए बोर्डर क्षेत्रों में सड़कों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने जवानों को आश्वस्त किया कि उत्तराखण्ड में बोर्डर एरिया से रोड कनेक्टिविटी का कार्य शीघ्र पूरा किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार ने घोषणा की है कि उत्तराखण्ड के निवासी जो सैनिक एवं अर्द्धसैनिक बलों में ड्यूटी के दौरान वीरगति को प्राप्त होते हैं, उनके आश्रितों को राज्य सरकार के द्वारा शैक्षिक योग्यता के आधार पर सेवायोजित किया जायेगा।

इस अवसर पर विधायक केदार सिंह रावत, मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह, सचिव नितेश झॉ, आईटीबीपी के आईजी एचएस गौरया, डीआईजी संजीव रैना, कमांडिग अफसर डीपीएस रावत एवं आईटीबीपी के जवान उपस्थित थे।

सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है नेलांग क्षेत्र :

नेलांग क्षेत्र सामरिक और प्राकृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र है। 11614 फीट की ऊंचाई पर लगभग .05 डिग्री सेल्सियस पर आईटीबी के जवान हर समय हिमालय और देश के सजग पहरेदार के रूप में सेवा कर रहे हैं। क्षेत्र में आने वाली किसी भी आपदा के लिए पहले रिस्पोन्डर के तौर पर कार्य कर रहे हैं।

Key Words : Uttarakhand, Uttarkashi, Nelang, CM, Hoisted Flag

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button