किसान ऋण मेले में 130 लाभार्थियों को मिले ब्याजमुक्त चेक

डीबीएल संवाददाता / देहरादून।
देहरादून की सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के झाझरा में सहकारिता विभाग की ओर से किसान ऋण मेले का आयोजन किया गया। सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया और लाभार्थियों को योजना के चेक वितरित किए।
शनिवार को झाझरा में आयोजित किसान मेले में 130 लाभार्थियों को कृषि कार्य हेतु ब्याज मुक्त चेक वितरित किए। इस मौके पर विधायक पुंडीर ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ब्याजमुक्त ऋण की यह सुविधा किसानों के अलावा स्वयं सहायता समूहों के लिए भी आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी।
कार्यक्रम में विकासखंड प्रमुख अर्चना रावत, ज्येष्ठ प्रमुख रामेश्वरी पुंडीर, डी.सी.बी. उपाध्यक्ष भीम सिंह पुंडीर, डी.सी.बी. निदेशक वीरेश थपलियाल, एमपैक्स झाझरा के अध्यक्ष सावन पुंडीर सहित क्षेत्रवासी मौजूद रहे।



