उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग की जनसुनाई में सुनीं 47 शिकायतें

डीबीएल संवाददाता / देहरादून।
उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग कार्यालय में आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार की अध्यक्षता में दो दिवसीय जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान 47 प्रकरणों की सुनवाई हुई, जिसमें से 27 प्रकरणों का निस्तारण किया गया एवं बचे हुए मामलों के निस्तारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार ने कहा कि जिस उम्मीद के साथ पीड़ित व्यक्ति आयोग में अपनी शिकायत दर्ज करवाता है, उसको न्याय दिलाना आयोग का प्रमुख उद्देश्य है।
दो दिवसीय जनसुनवाई कार्यक्रम में देहरादून, हरिद्वार, उद्यमसिंहनगर, पौड़ी, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल, रूद्रप्रयाग समेत अन्य जिलों से आए शिकायतकर्ताओं के प्रकरणों को गंभीरता से सुनवाई की गई। शिकायतों में अनुसूचित जाति के परिवारों को पेयजल कनेक्शन न देने, भूमि से अवैध कब्जा हटाने, भूमि की पैमाईश, छात्रवृत्ति का भुगतान, उत्पीड़न, कृषि भूमि का दाखिला करने, आउटसोर्स पर तैनात कर्मियों को न हटाने, भूमि का कब्जा दिलाने, पदोन्नति, सेवा बहाली, जातिगत भेदभाव, मृतक आश्रित प्रमाणपत्र न बनने आदि शिकायत शामिल रही।



