कृषि मंत्री ने गैंचवांण गांव में उन्नत बागवानी तकनीकों को सराहा
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने मोरी के गैंचवांण गांव में सेब बागानों का किया निरीक्षण

डीबीएल संवाददाता।
प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने अपने तीन दिवसीय जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दूसरे दिन रविवार को सुदूरवर्ती मोरी ब्लॉक स्थित गैंचवांण गांव का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय काश्तकारों से सीधा संवाद स्थापित किया और क्षेत्र में सेब के बागानों का स्थलीय निरीक्षण भी किया और किसानों द्वारा अपनाई जा रही उन्नत बागवानी तकनीकों की सराहना की।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने ग्रामीणों से बातचीत के दौरान क्षेत्र की कृषि और बागवानी संबंधी समस्याओं को गंभीरता से सुना और समाधान हेतु तत्परता जताई। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में सेब उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं, और सरकार किसानों को हर संभव सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उत्तरकाशी जैसे सीमांत क्षेत्र में किसानों द्वारा किया जा रहा सेब उत्पादन राज्य के लिए एक सकारात्मक संकेत है।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष भाजपा नागेंद्र सिंह चौहान, पूर्व विधायक माल चन्द,ब्लॉक प्रशासक मोरी बचन सिंह पंवार,शांकरी मंडल अध्यक्ष राजवीर कुंवर,अनिता, भगवान सिंह रांगड़, सहित कृषि विभाग के अफसर और किसान मौजूद रहे।