दिव्य कला मेले में 16 से अधिक राज्यों के दिव्यांगजन उद्यमियों एवं कलाकारों ने की सहभागिता

डीबीएल संवाददाता / देहरादून।
दिव्यांगजन सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से देहरादून में आयोजित नौ दिवसीय दिव्य कला मेले का रविवार को समापन हो गया। यह मेला 21 फरवरी से 01 मार्च 2026 तक आयोजित किया गया, जिसमें देश के 16 से अधिक राज्यों से आए दिव्यांगजन उद्यमियों एवं कलाकारों ने सक्रिय सहभागिता की।
दिव्य कला मेले का आयोजन दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के मार्गदर्शन एवं सहयोग से आयोजित किया गया। मेले का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजन उद्यमियों को विपणन मंच उपलब्ध कराना, स्वरोजगार को बढ़ावा देना, कौशल उन्नयन को प्रोत्साहित करना तथा सामाजिक समावेशन को सुदृढ़ करना रहा।
मेले के समापन समारोह पर उत्तराखंड सरकार में वन मंत्री सुबोध उनियाल बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम में विधायक खजानदास, सचिव संस्कृत शिक्षा, उत्तराखंड सरकार, दीपक गैरोला, आयुक्त दिव्यांगजन सशक्तिकरण उत्तराखंड प्रकाश चंद्र, निदेशक दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, भारत सरकार प्रदीप मौजूद रहे।
दिव्य कला मेला में 16 से अधिक राज्यों के दिव्यांगजन उद्यमियों द्वारा विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया गया। मेले में उत्पाद श्रेणियों में हस्तशिल्प, जूट एवं बांस उत्पाद, वुडक्राफ्ट, वस्त्र एवं टेक्सटाइल, पेंटिंग, ऑर्गेनिक उत्पाद, पैकेज्ड खाद्य सामग्री आदि मौजूद रहीं।
50 लाख की बिक्री महत्वपूर्ण उपलब्धि :
मेले के दौरान लगभग 50 लाख की बिक्री दर्ज की गई, जो दिव्यांगजन उद्यमियों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।



