बच्चों का उत्पीड़न देखें तो 1098 पर करें कॉल

डीबीएल संवाददाता / देहरादून।
जिला प्रोबेशन अधिकारी देहरादून के नेतृत्व में बाल संरक्षण एवं बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने को लेकर विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में विकासनगर क्षेत्र के ग्राम छरबा स्थित मदरसा एवं देहरादून के रेसकोर्स क्षेत्र अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र चंदन नगर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि किसी भी बच्चे के साथ हो रहे शोषण, उत्पीड़न या संकट की स्थिति में तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना देकर सहयोग प्रदान करें।
कार्यक्रम के दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन के टोलफ्री नंबर 1098 के महत्व एवं उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही बाल श्रम, बाल विवाह, बच्चों के प्रति लैंगिक अपराधों से संरक्षण पोक्सो एक्ट, गुड टच, बैड टच, बाल कल्याण समिति एवं किशोर न्याय बोर्ड की भूमिका एवं कार्यप्रणाली से भी बच्चों को अवगत कराया गया।
जागरूकता कार्यक्रम में ग्राम छरबा में कुल 55 एवं रेसकोर्स क्षेत्र में 25 बच्चों ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों एवं सहायता प्राप्त करने के तरीकों के संबंध में सरल एवं संवादात्मक माध्यम से जानकारी प्रदान की गई।



