अदम्य साहस का परिचय देने वाले बच्चों का किया सम्मान
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने छह बच्चों को मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार से किया सम्मानित, 51 हजार की धनराशि प्रदान की

डीबीएल संवाददाता / देहरादून।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में प्रदेश के छह बच्चों को प्रथम मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया। विभिन्न परिस्थितियों में अदम्य साहस, वीरता एवं सूझबूझ का परिचय देने वाले इन बच्चों को पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। प्रत्येक पुरस्कार विजेता को 51 हजार की धनराशि भी प्रदान की गई।
बच्चों को प्रोत्साहित करना सम्मान का उद्देश्य:
मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार का उद्देश्य असाधारण साहस, वीरता एवं सूझबूझ का परिचय देने वाले बच्चों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करना है। इस पहल के माध्यम से ऐसे बच्चों के साहसिक कार्यों को पहचान देने के साथ ही अन्य बच्चों को भी कठिन परिस्थितियों में साहस, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी का परिचय देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
राज्य स्तर पर छह बच्चों का हुआ चयन :
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रथम बार मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार प्रदान किए गए हैं। इस पुरस्कार के लिए राज्य स्तर पर प्राप्त आवेदनों में से छह बच्चों का चयन किया गया। इनमें जनपद चमोली के तीन तथा चम्पावत, देहरादून एवं टिहरी गढ़वाल के एक-एक बच्चे शामिल हैं।



