व्यक्तित्व

सामाजिक सरोकार : कर्तव्यपरायणता के प्रतीक पूर्व प्रधान मोहन लाल शर्मा

राकेश चौहान / साहिया।

जौनसार बावर क्षेत्र में दो राष्ट्रीय पंचायतीराज पुरस्कारों से सम्मानित पूर्व ग्राम प्रधान और सामाजिक कार्यकर्ता मोहन लाल शर्मा आज किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण जैसे विषयों पर जागरूकता के प्रतीक मोहन शर्मा अपने क्षेत्र के लोगों के सुख दुख में हमेशा सबसे आगे खड़े नजर आते हैं।

मोहन शर्मा जन सरोकारों से जुड़े मुद्दों के अलावा सरकार की विकास योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में भी अपना पूरा सहयोग प्रदान करते हैं। यही वजह है कि प्रधान पद पर रहते उन्हें कई राष्ट्रीय, राज्य और क्षेत्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किए जा चुका है। 2014 में मोहनलाल शर्मा ग्राम पंचायत नेवी (साहिया) के प्रधान चुने गए। ग्रामीणों के विश्वास और क्षेत्र के विकास के लिए उन्होंने पूरी ईमानदारी और निष्ठा से अपने दायित्व का निर्वहन किया।

प्रधान पद पर रहते मोहन शर्मा ने ग्राम पंचायत नेवी को खुले में शौच मुक्त ग्राम पंचायत बनाकर लोगों को स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में अहम भूमिका निभाई। चोरी की रोकथाम के लिए साहिया बाजार में जगह जगह सीसीटीवी कैमरे लगवाए। जौनसार बावर की पहली पंचायत थी जिसमें निगरानी के लिए सीसीटीवी लगाए गए। अपने कार्यकाल का आय व्यय का पूरा विवरण ग्राम पंचायत घर में लिखवाकर पारदर्शिता के मायने सच किए। प्रदेश सरकार की ‘मेरे बुजुर्ग-मेरे तीर्थ’ योजना के तहत अपने क्षेत्र के करीब 300 बुजुर्ग महिलाओं और पुरुषों को बद्रीनाथ, गंगोत्री आदि धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाये। मोहन शर्मा के कार्यकाल की कई विकास योजनाएं आज भी धरातल पर उनकी कर्तव्यपरायणता को दर्शाती हैं।

इन पुरस्कारों से गया है नवाजा :

मोहन शर्मा को अपने कार्यकाल के दौरान ग्राम पंचायत में विकास कार्यों को धरातल पर पारदर्शिता पूर्वक किए जाने पर अप्रैल 2018 मध्य प्रदेश में पण्डित दीनदयाल उपाध्याय पंचायती सशक्तीकरण राष्ट्रीय पुरस्कार एवं 2019 में नई दिल्ली में मोहनलाल शर्मा को नाना जी देशमुख राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार से भारत सरकार द्वारा सम्मानित किया गया।2020 में उत्तराखंड मुख्य मंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत द्वारा पंचायती पुरस्कार से सम्मानित किया गया। आज भी जौनसार के हर मंच पर मोहनलाल शर्मा को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाता है।

नशा मुक्त जौनसार, पर्यावरण बचाने को पॉलीथिन के इस्तेमाल पर रोक जैसे विषयों पर जागरूकता कार्य के साथ ही मोहन शर्मा इन दिनों ग्रामीणों के साथ मिलकर सड़कों पर बेघर घूमने वाली गायों के लिए गौधाम बनाने की मुहिम को भी सच करने में जुटे हुए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button