कांग्रेस ने शुरू किया ‘बेटा बचाओ बेटा बनाओ’ अभियान : डॉ भसीन

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ देवेंद्र भसीन ने उत्तराखंड कांग्रेस द्वारा राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव पारित किये जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस में ‘बेटा बचाओ, बेटा बनाओ’ अभियान शुरू हो गया है। कांग्रेस के डूबते जहाज में कहीं बेटे पर कोई उंगली न उठे इसके लिए सब प्रकार की कसरत की जा रही है। दूसरी और कांग्रेस नेताओं में ऊंचा दरबारी बनने की होड़ भी लगी है।
शुक्रवार को एक प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ देवेन्द्र भसीन ने कहा कि कांग्रेस में ‘बेटे’ को पार्टी का मुखिया बनाने के लिए हाल में सबसे पहले शुरुआत स्वयं राहुल गांधी ने की जब उन्होंने इंग्लैंड में कहा कि कांग्रेस में वंशवाद है। वह कथन उनकी ईमानदारी न होकर सभी कांग्रेस नेताओं को दिया गया संदेश था कि उनकी माँ के बाद पार्टी का नेतृत्व उनके ही परिवार में रहेगा और उसके लिए वे ही एक मात्र दावेदार हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा विभिन्न प्रदेशों में राहुल के पक्ष में प्रस्ताव पारित कराना ‘बेटा बचाओ, बेटा बनाओ’ अभियान का ही अंग है, जिससे कोई भी कांग्रेस नेता भूले भटके भी यह न सोच ले कि कांग्रेस में लोकतंत्र लाया जा सकता है।
डॉ भसीन ने कहा कि कांग्रेस में वंशवाद के अलावा एक और वाद है और वह है दरबारीवाद। कांग्रेस नेता यह तो जानते हैं कि उनके लिये पार्टी के शीर्ष पर पंहुचना सम्भव नहीं हैं। पर वे ऊंचे ओहदेदार दरबारी बन सकते हैं। इसलिये वे खुद ऊँचा दरबारी बनने का कोई मौका नहीं चूकते। आजकल कांग्रेस के नेता जिस प्रकार राहुल गांधी की स्तुति गान में जुटे हैं उसके पीछे यही सबसे बड़ा कारण है।
डॉ भसीन ने कहा कि कोई कुछ कर ले कांग्रेस डूबता जहाज है और देश मे जहाँ भी कांग्रेस बची खुची रह गई है वहाँ भी वह अगले चुनावों में निपट जाएगी। जबकि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के नेतृत्व में भाजपा के साथ है।
Key Words : Uttarakhand, Dehradun, BJP state media incharge, Congress, ‘Son save son make’ Campaign