राजनीतिक

पूजा अर्चना के साथ उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस की न्याय यात्रा शुरू

डीबीएल संवाददाता / देहरादून।

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह एवं पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला की अगुवाई में उत्तराखंड न्याय यात्रा देहरादून के प्रसिद्ध टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा अर्चना के साथ शुरू की गई। कांग्रेस की इस यात्रा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई। प्रीतम सिंह ने केन्द्र एवं राज्य की भाजपा सरकारों की जनविरोधी नीतियों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा के शासन में उत्तराखण्ड की जनता महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महिला उत्पीड़न, ध्वस्त कानून व्यवस्था और सरकारी तंत्र की मनमानी से त्रस्त हो चुकी है। भाजपा की ट्रिपल डबल इंजन सरकारें उत्तराखण्ड की जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह विफल रही है।

प्रीतम सिंह ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार के शासन में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों की घटनाओं ने पूरे प्रदेश को शर्मसार किया है। अंकिता भण्डारी हत्याकाण्ड में न्याय की मांग आज भी उत्तराखण्ड की जनता की आवाज बनी हुई है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली भाजपा सरकार महिलाओं और बेटियों को सुरक्षित वातावरण देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। कांग्रेस पार्टी उत्तराखण्ड की प्रत्येक बेटी और महिला की सुरक्षा, सम्मान तथा न्याय के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।

उत्तराखंड न्याय यात्रा में हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आम जनता ने प्रतिभाग किया। भाजपा सरकारों की जन विरोधी, महिला विरोधी, नौजवान विरोधी, छात्र विरोधी, किसान विरोधी, मजदूर विरोधी, बेरोजगार विरोधी नीतियों के विरूद्ध एकजुट होकर संघर्ष का ऐलान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button