खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दून के रेस्टोरेंटों में की छापेमारी
पनीर, खोया और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच के लिए सैंपल

डीबीएल संवाददाता / देहरादून।
प्रदेश में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और त्योहारी सीजन में आम जनता को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पाण्डेय के निर्देश पर देहरादून नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न होटल एवं रेस्टोरेंट में निरीक्षण अभियान चलाया गया। खाद्य संरक्षा विभाग की टीम ने प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा से जुड़े मानकों का जायजा लिया। इस दौरान चार खाद्य नमूने जांच के लिए एकत्र किए।
आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रदेश में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग लगातार सक्रिय है। आम जनता को सुरक्षित और मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। देहरादून सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी प्रयोगशाला में जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
दून के नामी रेस्टोरेंटों में करी पड़ताल :
प्रदेश के जनमानस को गुणवत्तापूर्ण खाद्य उपलब्ध करवाने को लेकर आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पाण्डेय के निर्देश पर विभाग की टीम ने देहरादून के नामी फैर्जी कैफे रेस्टोरेंट, ऑर्चर्ड, तमारा और पिजोलो के विभिन्न खाद्य पदार्थों का निरीक्षण किया। टीम ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए पनीर, खोया तथा अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए। इन नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य पदार्थों के मानकों के अनुरूप पाए जाने अथवा उनमें किसी तरह की कमी मिलने की स्थिति में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



