पुनरीक्षण की तैयारियों को लेकर बैठक सम्पन्न

डीबीएल संवाददाता / देहरादून।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर की संभावित घोषणा से पूर्व जनपद देहरादून में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में राजनीतिक दलों को अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृत मतदाताओं की सूची के साथ-साथ नए मतदाताओं से संबंधित प्रारूप उपलब्ध कराए गए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्री-रिवीजन गतिविधियों के तहत वर्ष-2003 की निर्वाचक नामावली के मतदाताओं का वर्तमान नामावली से बीएलओ एप के माध्यम से 24 अप्रैल 2026 तक 81 प्रतिशत मैपिंग कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जबकि शेष कार्य जारी है।
बैठक में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी हरीश पुरोहित, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सोनिया बहुगुणा, भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि अरविंद जैन, बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधि दिग्विजय सिंह, सीपीआईएम के प्रतिनिधि सहित निर्वाचन कार्यालय के वरिष्ठ सहायक शोभन अंसारी, पिरंजन कुशवाह समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
10 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1882 मतदेय स्थल चिन्हित :
देहरादून जनपद के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1882 मतदेय स्थल चिन्हित किए गए हैं, जहां पुनरीक्षण कार्य संपादित किया जाएगा। इनमें चकराता में 237, विकासनगर 142, सहसपुर 212, धर्मपुर 236, रायपुर 214, राजपुर 141, देहरादून कैंट 152, मसूरी 178, डोईवाला 191 तथा ऋषिकेश में 179 मतदेय स्थल शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 164 नए मतदेय स्थलों का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है।



