पटेल की जीत गुजरात के जनमानस की जीतः प्रीतम

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने अहमद पटेल के गुजरात से राज्यसभा के लिए चुने जाने पर खुशी जाहिर करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सोनिया गांधी, उपाध्यक्ष राहुल गांधी एवं अहमद पटेल को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पटेल का राज्य सभा के लिए चुना जाना गुजरात के जनमानस व कांग्रेस की जीत है। सिंह ने कहा कि भाजपा की केन्द्र सरकार व गुजरात की राज्य सरकार ने धन बल का प्रयोग कर विधायकों को लालच देकर खरीदने का काम किया उसे पूरे देश ने देखा लेकिन आखिरकार सच्चाई की जीत हुई।
सिंह ने आरोप लगाया कि जब से केन्द्र में भाजपा सरकार सत्ता में आई है तब से देश में अराजकता का माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार विरोधियों को डरा धमकाकर किसी भी हालत में सत्ता हथियाना चाहती है जिसे देश की जनता कभी भी साकार नही होने देगी। उन्होंने कहा कि गुजरात में भी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अराजकता का माहौल पैदा करने की पुरजोर कोशिश की मगर अंत में सत्य व लोकतंत्र की जीत हुई है। उन्हांने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने वोट के सौदागरों व लोकतंत्र के हत्यारों को मुहॅतोड़ जबाब दिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि जिन कांग्रेस विधायकां ने ऐन मौके पर कांग्रेस के पीठ में छुरा घौंपने का काम किया आगामी विधानसभा चुनावों में गुजरात की जनता उन्हें भी सबक सिखाने का काम करेगी। सिंह ने निष्पक्ष चुनाव कराये जाने के लिए चुनाव आयोग की प्रशंसा करते हुए बधाई दी है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनावों में नरेन्द्र मोदी द्वारा देश की जनता के साथ जो वादे किये थे तीन वर्ष से भी अधिक समय होने बावजूद भी आज तक एक भी वादा पूरा नही हुआ है। भाजपा के नेता तिल का ताड़ बनाने में माहिर है। उन्होंने कहा कि झूठ बोलकर सत्ता केवल और केवल एक बार हासिल की जा सकती है। देश की जनता इनके मंसूबों को कभी भी पूरा नही होने देगी। इन तीन वर्षो में मोदी ने यूपीए सरकार द्वारा किये गये विकास कार्यो के उद्घाटन मात्र किये है वही उनकी उपलब्धि है। उन्हांने कहा कि कांग्रेस ही एक ऐसी पार्टी है जो देश को एक सूत्र में बॉधने का काम कर सकती है।
Key Words : Uttarakhand, Dehradun, State Congress head, Gujarat, Victory