सामाजिक सरोकार

छात्रों के उज्जवल भविष्य के लिए अभिभावक व शिक्षक करें संयुक्त प्रयास

डीबीएल संवाददाता ।

                                                                 

छात्रों के भविष्य निर्माण को लेकर अभिभावक व शिक्षक दोनों मिलकर पथ प्रदर्शक का कार्य करें। यह प्रयास छात्रों को उज्जवल भविष्य के निर्माण में मील का पत्थर साबित होगा। यह बात मालदेवता इंटर कॉलेज के वार्षिकोत्सव के मौके पर स्कूल की प्राचार्या हिमानी बिष्ट ने कही। कार्यक्रम में छात्रों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने खूब तालियां बटोरीं।

शनिवार को मालदेवता इंटर कॉलेज के वार्षिकोत्सव का आयोजन पूरे धूमधाम के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ छात्राओं के स्वागत गान के साथ हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि खण्ड शिक्षा अधिकारी रायपुर हेमलता गौड़ उनियाल ने छात्रों एवं अभिभावकों को आयोजन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वार्षिकोत्सव केवल एक आयोजन ही नहीं बल्कि यह अवसर विद्यालय की उपलब्धियों को दर्शाकर शिक्षकों और अभिभावकों के बीच सामंजस्य स्थापित करता है।

प्रार्चाया हिमानी बिष्ट ने अपने संबोधन में विगत वर्ष की विद्यालय की उपलब्धियों को अभिभावकों व अतिथियों के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि पीएम श्री मालदेवता इंटर कॉलेज में पढ़ाई के अलावा छात्र-छात्राआें के व्यक्तित्व विकास सम्बंधी गतिविधियों को विशेष रूप से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के हर कक्ष में स्मार्ट बोर्ड, मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति आदि सुविधायें प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि स्कूली पढ़ाई के साथ बच्चों के भविष्य निर्माण में वे भी अपनी भूमिका को समझें।

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं के अभिभावक, शिक्षक, विद्यालय स्टाफ एवं आमंत्रित अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन किशोर नौटियाल ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button