स्थापना दिवस पर स्वयंसेवियों का किया सम्मान
एनएसएस स्थापना दिवस मौके पर छात्रों ने पौधरोपण, नशामुक्ति, संस्कृति आदि के प्रति लोगों को जागरूक करने की शपथ ली

डीबीएल संवाददाता / देहरादून।

पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मालदेवता देहरादून में राष्ट्रीय सेवा योजना एनएसएस के स्थापना दिवस मौके पर स्वयंसेवी छात्रों और एनएसएस गतिविधियों में अपना अमूल्य योगदान देने वाले बुद्धिजीवियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में एनएसएस केे छात्रों ने पौधरोपण, नशामुक्ति, संस्कृति आदि समाजिक दायित्वों के प्रति स्वयं की भूमिका और लोगों को जागरूक करने की शपथ भी ली।
गुरूवार को कार्यक्रम की अध्यक्षा कॉलेज की प्रधानाचार्य हिमानी बिष्ट ने इस मौके पर अभिवावकों और अतिथियों का स्वागत करते हुए एनएसएस स्थापना दिवस की शुभकामनायें दीं। उन्होंने कहा कि सेवाभाव की अनुभूति परम आनंद देने वाली होती है। सामाजिक कर्तव्यों का पालन करना हर किसी की साझा जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी संजीव कुमार सैनी की अगुवाई में छात्रों की स्वच्छता जागरूकता रैली के साथ हुआ जिसके बाद छात्रों व कॉलेज के शिक्षकों, अभिभावकों ने पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ पौधरोपण किया। छात्रों की रंगारंग प्रस्तुतियां और नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति शानदार रही। छात्रों ने नशामुक्ति विषय पर भी अपने विचार रखे। कॉलेज की छात्रा अंकिता ने एनएसएस की वार्षिक गतिविधियों की अतिथियों को जानकारी दी।
इस मौके पर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य ज्योति सिंह, पूर्व वरिष्ठ शिक्षक भरत सिंह मिश्रा आदि ने सामाजिक कार्यों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्रों के साथ अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम में कॉलेज के उप प्रधानाचार्य डॉ0 रमेश चन्द्र मैथाणी, पूर्व शिक्षक कमल प्रकाश चौहान, सांस्कृतिक कार्यक्रम संयोजक सुरेन्द्र कंसवाल, शिक्षक गिरीश चन्द्र पुरोहित, अर्जुन कुमार, अमरदीप, अनिल फर्सवाण, मुकेश नौटियाल सहित अभिभावक, आमंत्रित अतिथि व कॉलेज के स्टॉफकर्मी मौजूद रहे।



