नीट पुनर्परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए नि:शुल्क बस सेवा की सुविधा

डीबीएल संवाददाता।
नीट पुनर्परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों को उत्तराखण्ड परिवहन निगम की बसों में प्रवेश पत्र के आधार पर निशुल्क यात्रा सुविधा मिलेगी। यह सुविधा अभ्यर्थियों को परीक्षा से 02 दिन पूर्व तथा परीक्षा समाप्ति के 02 दिन बाद तक मान्य होगी।
उत्तराखंड राज्य सरकार द्वारा नीट यूजी-2026 की पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले प्रदेश के अभ्यर्थियों को उत्तराखण्ड परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा देने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में सचिव परिवहन बृजेश कुमार संत ने प्रबंध निदेशक उत्तराखण्ड परिवहन निगम को आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार, यह सुविधा उत्तराखण्ड राज्य के स्थायी निवासी अभ्यर्थियों एवं नीट द्वारा निर्गत प्रवेश पत्र के आधार पर ही मान्य होगी। यह सुविधा उत्तराखण्ड परिवहन निगम द्वारा संचालित केवल साधारण श्रेणी की बसों तथा परीक्षा केंद्र के निकटतम मार्ग के लिए ही मान्य होगी।



