उत्तराखंड

नेपाल-भारत सीमा पर शहीद स्मारक त्याग और बलिदान का प्रतीक: सीएम

डीबीएल संवाददाता।

भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा बनबसा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सैनिक स्मारक एवं झंडा पार्क का लोकार्पण किया। इस अवसर पर विशाल राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराया गया। मुख्यमंत्री ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सीमांत क्षेत्र में शहीद स्मारक और विशाल तिरंगे का लोकार्पण अत्यंत गौरव एवं सम्मान का क्षण है। यह स्मारक देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों के अदम्य साहस, त्याग और बलिदान की स्मृतियों को सदैव जीवंत रखेगा।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व में देश के अंतिम गांव या अंतिम क्षेत्र के रूप में देखे जाने वाले सीमावर्ती क्षेत्रों को अब देश के ‘पहले क्षेत्र’ के रूप में पहचान दी जा रही है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के सैनिकों, उनके परिवारों के कल्याण तथा वीर शहीदों की स्मृतियों को सम्मान देने को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह (से.नि.), एसएसबी कमांडेंट सुरेंद्र विक्रम सहित अन्य अधिकारी, सेवानिवृत्त सैनिक, वीर माताएं एवं वीर नारियां उपस्थित रहे।

वीर नारियों एवं वीरता पदक विजेता सम्मानित :

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वीर नारियों एवं वीरता पदक विजेता को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने वीर नारी सरस्वती देवी, पत्नी स्व. सिपाही उत्तम चन्द, लक्ष्मी देवी, पत्नी स्व. हवलदार किशन सिंह, कमला देवी, पत्नी स्व. गार्डसमैन दुर्गादत्त, खीमा देवी, पत्नी स्व. नायक हयात सिंह, माया चन्द, पत्नी स्व. सिपाही ललित मोहन, सरस्वती देवी, पत्नी स्व. ला. ना. जय बहादुर चन्द, ललिता चन्द, पत्नी स्व. सिपाही प्रेम चन्द, गीता देवी, पत्नी स्व. नायक जगदीश सिंह और पिंकी रैसवाल, पत्नी स्व. सिपाही राहुल रैसवाल को सम्मानित किया। वीर माता लक्ष्मी देवी, माता स्व. नायक खीम सिंह एवं वीरता पदक विजेता सूबेदार गोपाल दत्त शर्मा को भी मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button