उत्तराखण्ड के आपदा प्रबंधन मॉडल को सराहा

डीबीएल संवाददाता।
हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष दीपक राठौर ने उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के कार्यों को सराहा। उन्होंने दोनों पड़ोसी राज्यों के बीच आपदा प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए आपसी समन्वय एवं सहयोग को और सशक्त बनाने की बात कही।
हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष राठौर ने उत्तराखंड राज्य में किए जाने वाले राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने ग्लेशियर लेक आउटबर्स्ट फ्लड के खतरों को कम करने की दिशा में उत्तराखण्ड द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की और इस दिशा में आपसी समन्वय व सहयोग को बढ़ाने की मंशा जाहिर की।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने यूएसडीएमए के क्रियाकलापों एवं नवाचारों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विगत वर्षों में प्राधिकरण द्वारा विभिन्न आपदाओं का प्रभावी ढंग से सामना करते हुए त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए गए हैं। साथ ही, तकनीकी नवाचारों एवं सुदृढ़ संस्थागत तंत्र के माध्यम से आपदा प्रबंधन व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
इस अवसर अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशासन प्रकाश चंद्र, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रियान्वयन डीआईजी राजकुमार नेगी, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश कुमार पुनेठा, यूएलएमएमसी के निदेशक डॉ. शांतनु सरकार आदि उपस्थित रहे।



