उत्तराखंड

प्रवासी उत्तराखण्डी राज्य की अमूल्य निधि : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री धामी ने प्रवासी उत्तराखण्डियों से अपनी संस्कृति और जड़ों से जुड़े रहने का किया आह्वान, अपने गांवों को गोद लेकर विकास में योगदान देने वाले 30 प्रवासियों का जताया आभार

डीबीएल संवाददाता / देहरादून।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को दून विश्वविद्यालय, केदारपुरम, देहरादून में आयोजित तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रतिवर्ष प्रवासी उत्तराखंडियों के लिए सम्मेलन आयोजित किया जाता है, जिसमें देश-विदेश में रह रहे उत्तराखंडी बड़ी संख्या में प्रतिभाग करते हैं। यह सम्मेलन प्रवासी उत्तराखंडियों को अपनी जड़ों, पैतृक गांवों, संस्कृति और विरासत से जुड़ने का अवसर प्रदान करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी अपनी प्रतिभा, परिश्रम और उपलब्धियों से विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। उनके अनुभव, ज्ञान, संसाधन और सामर्थ्य का लाभ राज्य के विकास को भी मिलना चाहिए। उन्होंने अपने पैतृक गांवों को गोद लेकर उनके विकास में योगदान देने की पहल करने वाले 30 प्रवासी उत्तराखण्डियों का विशेष आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल अपनी मातृभूमि के प्रति प्रवासियों के लगाव और सामाजिक उत्तरदायित्व का उदाहरण है। इससे अन्य प्रवासी उत्तराखण्डी भी अपने गांवों के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित होंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि राज्य गठन के समय उन्हें अपने गांव तक पहुंचने के लिए पैदल जाना पड़ता था, जबकि आज उत्तराखण्ड के दूरस्थ गांवों तक सड़क सुविधाओं का विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से लिपुलेख तक सड़क संपर्क विकसित हुआ है, जिससे श्रद्धालु भारतीय भूमि से ही कैलाश पर्वत के दर्शन कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब प्रवासी उत्तराखण्डी भी अपनी जड़ों से जुड़ने के लिए अपने गांवों की ओर लौट रहे हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने कहा कि उत्तराखण्ड प्राचीन काल से वेद, पुराण, उपनिषद, संस्कृत, योग और आयुर्वेद की समृद्ध परंपराओं से जुड़ी भूमि रही है। राज्य की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत विश्व में अपनी विशिष्ट पहचान रखती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, विधायक किशोर उपाध्याय, प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी, भारत सरकार के सचिव सुधांश पंत, प्रसिद्ध अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

अनुभव एवं विशेषज्ञता के योगदान का किया आह्वान :

मुख्यमंत्री ने प्रवासी उत्तराखण्डियों से आह्वान किया कि वे अपने पैतृक गांवों से निरंतर जुड़े रहें तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बागवानी, पर्यटन, उद्यमिता और स्वरोजगार के क्षेत्रों में अपने अनुभव एवं विशेषज्ञता का योगदान दें। उन्होंने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी राज्य की विकास यात्रा के महत्वपूर्ण सहभागी हैं। सरकार और प्रवासी समाज के समन्वित प्रयासों से उत्तराखण्ड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button