दून के परेड ग्राउंड में आदि गौरव महोत्सव शुरू – रंगारंग प्रस्तुतियों ने खूब तालियां बटोरीं

डीबीएल संवाददाता / देहरादून।

देश की जनजातीय विरासत, परंपराओं और समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर का जीवंत उत्सव आदि गौरव महोत्सव 2026 का रविवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ शुभारंभ हुआ। राज्य जनजातीय शोध संस्थान टीआरआई, उत्तराखण्ड के तत्वावधान में आयोजित यह महोत्सव देशभर के जनजातीय समुदायों, शिल्पकारों, लोक कलाकारों और सांस्कृतिक प्रतिभाओं को एक साझा मंच प्रदान कर रहा है। आयोजन का उद्देश्य जनजातीय समुदायों की सांस्कृतिक पहचान को प्रोत्साहित करना, पारंपरिक विरासत का संरक्षण करना और उनके लिए आजीविका के स्थायी अवसरों को बढ़ावा देना है। महोत्सव का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री खजान दास ने किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा, ष्माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तराखण्ड ने जनजातीय समुदायों के कल्याण, विकास और सशक्तिकरण की दिशा में लगातार महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री का निरंतर प्रोत्साहन और आदि गौरव महोत्सव जैसी पहलों को मिल रहा सहयोग जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और विरासत के संरक्षण के साथ-साथ जनजातीय समुदायों को विकास और पहचान के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ऐसे मंच हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने और जनजातीय समुदायों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर जनजातीय कल्याण निदेशक एसएस टोलिया, उप निदेशक राजीव कुमार सोलंकी और उत्तराखण्ड शासन के समाज कल्याण विभाग के सचिव डॉ. श्रीधर बाबू अददांकी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
निःशुल्क प्रवेश :
आदि गौरव महोत्सव आमजन के लिए प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक खुला रहेगा। महोत्सव में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क है, जबकि विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। यह महोत्सव 18 नवंबर 2026 तक चलेगा।
गांधी पार्क से परेड ग्राउंड तक निकाली शोभायात्रा:
महोत्सव की शुरुआत गांधी पार्क से परेड ग्राउंड तक निकाली गई भव्य शोभायात्रा से हुई। देश के विभिन्न जनजातीय समुदायों की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान और सामूहिक एकजुटता को प्रदर्शित करती इस शोभायात्रा में पारंपरिक वेशभूषा, लोक संस्कृति और जनजातीय विरासत के संरक्षण का संदेश देखने को मिला। कैबिनेट मंत्री खजान दास के नेतृत्व में निकली इस शोभायात्रा ने आगामी सांस्कृतिक आयोजनों के लिए उत्साहपूर्ण माहौल तैयार किया।
कलाकारों की प्रस्तुतियों पर झूमे दर्शक: 
पहले दिन महोत्सव का माहौल उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति और संगीत के रंगों से सराबोर हो गया। गढ़ रत्न नरेंद्र सिंह नेगी, लोक गायक अनूप चांगटा, लोक गायिका हेमा नेगी करासी की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके गीतों के साथ दर्शक भी झूमते और गुनगुनाते नजर आए।
कई राज्यों के जनजातीय कलाकार कर रहे प्रतिभाग:
आदि गौरव महोत्सव 2026 में असम, ओडिशा, सिक्किम, तेलंगाना, गुजरात, पश्चिम बंगाल, झारखंड और हरियाणा सहित कई राज्यों के जनजातीय प्रतिभागी अपनी विशिष्ट परंपराओं, कला, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के साथ शामिल हुए हैं। इस वर्ष महोत्सव का एक विशेष आकर्षण गुजरात के सिद्दी समुदाय की भागीदारी है। अफ्रीकी मूल का यह जनजातीय समुदाय अपनी अनूठी सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और कलात्मक अभिव्यक्तियों के माध्यम से महोत्सव को एक विशिष्ट पहचान दे रहा है।
प्रदर्शनी करा रहीं जनजातीय संस्कृतियों के दर्शन :
महोत्सव में लगाई गई प्रदर्शनी के माध्यम से आगंतुकों को देश की विविध जनजातीय संस्कृतियों को करीब से जानने का अवसर मिल रहा है। यहां पारंपरिक हस्तशिल्प, हथकरघा उत्पाद, जनजातीय कला, आभूषण, स्थानीय उत्पाद, पारंपरिक व्यंजन और विभिन्न क्षेत्रों के प्रामाणिक खानपान से जुड़े स्टॉल लगाए गए हैं। यह मंच जनजातीय शिल्पकारों, महिला उद्यमियों और स्थानीय उत्पादकों को सीधे ग्राहकों से जुड़ने, अपने हुनर और उत्पादों को प्रदर्शित करने तथा बाजार में व्यापक अवसर तलाशने का मौका भी प्रदान कर रहा है।



