सचिव आपदा प्रबंधन ने अफसरों को दिए अलर्ट रहने के निर्देश

डीबीएल संवाददाता।
प्रदेश में लगातार हो रही वर्षा एवं आगामी दिनों के लिए मौसम विभाग की भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन से राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में वर्षा से उत्पन्न स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मौसम विभाग की पूर्व चेतावनियों को गंभीरता से लेते हुए सभी विभाग 24×7 अलर्ट मोड पर कार्य करें तथा किसी भी आपात स्थिति में जन सुरक्षा के लिए तैयार रहें।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास ने बताया कि 10 जुलाई के लिए मौसम विभाग द्वारा नैनीताल, ऊधमसिंहनगर एवं चम्पावत जनपदों में रेड अलर्ट, जबकि पौड़ी गढ़वाल, देहरादून एवं बागेश्वर जनपदों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके मद्देनजर सभी जिलाधिकारियों, पुलिस, एसडीआरएफ, लोक निर्माण विभाग, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य तथा अन्य संबंधित विभागों को पूर्ण सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
समीक्षा बैठक में सचिव आपदा प्रबंधन ने प्रदेशभर में वर्षा से प्रभावित सड़कों, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति सहित अन्य मूलभूत सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि वर्षा अथवा भूस्खलन के कारण अवरुद्ध सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र खोला जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। उन्होंने विशेष रूप से संवेदनशील स्थलों पर जेसीबी, पोकलेन मशीनों तथा अन्य आवश्यक उपकरणों एवं मानवबल की अग्रिम तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी अधिकारी प्रशासन प्रकाश चंद्र, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी अधिकारी क्रियान्वयन डीआईजी राजकुमार नेगी, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश कुमार पुनेठा आदि उपस्थित रहे।
चार धाम यात्रियों की सुरक्षा के निर्देश:
मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी मौसम अत्यधिक खराब हो अथवा भारी वर्षा के कारण यात्रा करना जोखिमपूर्ण हो, वहां यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि मौसम सामान्य होने और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित होने के बाद ही यात्रियों को आगे जाने की अनुमति दी जाए।



