पूर्व सैनिकों को आपदा प्रबंधन तंत्र से जोड़ा जाएगा
राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल रघुवीर सिंह भण्डारी से0नि0 ने कार्यभार ग्रहण किया
डीबीएल संवाददाता।
उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के नवनियुक्त उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल रघुवीर सिंह भण्डारी से0नि0 ने सोमवार को अपना कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कार्यभार ग्रहण कर उपाध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखण्ड आपदाओं की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील राज्य है तथा आपदा प्रबंधन को और अधिक सशक्त एवं जन केंद्रित बनाने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों एवं अनुभवों का समुचित उपयोग किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता राज्य के अधिकाधिक पूर्व सैनिकों, अर्द्धसैनिक बलों के सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं जवानों को आपदा प्रबंधन तंत्र से जोड़ने की होगी।
उन्होंने कहा कि राज्य स्तर से लेकर ग्राम स्तर तक आपदा प्रबंधन की तैयारियों को और अधिक प्रभावी बनाने, समुदाय आधारित आपदा प्रबंधन को बढ़ावा देने तथा आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र को मजबूत करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। साथ ही युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों एवं पूर्व सैनिकों के समन्वय से एक सक्षम और प्रशिक्षित स्वयंसेवकों का नेटवर्क विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने कहा कि लेफ्टिनेंट कर्नल भण्डारी के व्यापक प्रशासनिक, सैन्य एवं संगठनात्मक अनुभव का लाभ राज्य की आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मिलेगा तथा उनके मार्गदर्शन में आपदा प्रबंधन से संबंधित विभिन्न पहल और अधिक प्रभावी रूप से आगे बढ़ेंगी।



