घाट तहसील प्रांगण में विधिक प्रावधिक कार्यकर्ताओं ने रोपे 85 पौधे – जल, जंगल व जमीन बचाने का किया आह्वान

घाट/ चमोली। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर चमोली जिले के घाट विकासखण्ड में विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में तहसील प्रांगण में विभिन्न प्रजाति के पौधे रोपे गए। इस दौरान लोगों को पर्यावण संरक्षण के प्रति जागरूक भी किया गया।
मंगलवार 05 जून विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर सचिव विधिक सेवा प्राधिकरण एवं सीजेएम गोपेश्वर रवि प्रसाद शुक्ला के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए पौध रोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसके तहत तहसील प्रांगण में विभिन्न प्रजातियों के 85 पौघे रोपे गए। आयोजन के मुख्य अतिथि के रूप में रजिस्टार कानूनगो मोहन सिंह रावत ने जल, जंगल व जमीन को बचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जाने और अनजाने में जंगलों की घटती तादाद बेहद चिंता का विषय है, जिसकी वजह से पर्यावरण असंतुलन का असर पैर पसारने लगा है। उन्होंने अधिक से अधिक पौघ रोपण करने की बात पर जोर दिया।
पूर्व प्रधान घनश्याम मैंदोली ने कहा कि मौसम का बदलता मिजाज खतरे का सूचक है। उन्होंने कहा कि हमें आने वाली पीढी को स्वच्छ वातावरण देने के लिए समय रहते अपने आसपास के पर्यावरण को बचाना होगा। उन्होंने कहा कि आज के दिन हर व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लेना चाहिए।
इस अवसर पर प्राधविक कार्यकर्ता मथुरा प्रसाद तिवारी, बदरी जोशी, दीपा सती, संगीता रौतेला, सुरेन्द्र सिंह रावत, चक्रधर पुरोहित सहित वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता सूरजमणि मैंदोली ने भी अपने विचार रखे। स्थानीय लोगों ने आयोजन में बढचढकर प्रतिभाग किया।