अपना दून

गैस डिलिविरी अनियमितता में मुकदमा दर्ज करने के निर्देश

डीबीएल संवाददाता / देहरादून।

देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल ने जनपद में एलपीजी गैस की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने तथा गैस की कालाबाजारी पर सख्त रोक लगाने के निर्देश जारी किए हैं। अमरदीप गैस एजेंसी के निरीक्षण के दौरान कुछ उपभोक्ताओं की गईं शिकायतों की जांच के बाद गैस एजेंसी के सुपरवाइजर से जानकारी ली गई तो वह संतोषजनक उत्तर देने में असमर्थ रहे। इस पर नगर मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी सदर ने पूर्ति निरीक्षक को संबंधित सुपरवाइजर एवं डिलिवरी मैन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए।

शनिवार को जिलाधिकारी के निर्देशों का पालन करते हुए नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह एवं उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरि ने जनपद अवस्थित अमरदीप गैस एजेंसी एवं सत्यशील गैस एजेंसी का निरीक्षण किया। इस दौरान गैस लेने पहुंचे उपभोक्ताओं की समस्याएं भी सुनी गईं तथा उनका मौके पर समाधान किया गया। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि गैस की पर्याप्त उपलब्धता है।

नगर मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी सदर ने कहा कि गैस डिलिवरी के समय ही डिलिवरी मैन को ओटीपी नंबर प्रदान करें। साथ ही गैस एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया गया कि गैस सिलेंडर की आपूर्ति केवल होम डिलिवरी के माध्यम से ही सुनिश्चित की जाए तथा उपभोक्ताओं की जागरूकता के लिए एजेंसी परिसर में बड़े फ्लेक्सी के माध्यम से आवश्यक जानकारी प्रदर्शित की जाए। इसके साथ ही उपभोक्ताओं से विनम्र व्यवहार करने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल, पूर्ति विभाग के अधिकारी एवं पूर्ति निरीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button