बहुउदेशीय शिविर में पात्र परिवारों को वितरित की सहायता राशि

डीबीएल संवाददाता / देहरादून।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मंगलवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में समाज कल्याण मंत्री, उत्तराखंड शासन खजान दास की अध्यक्षता में बहुउदेशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नशा मुक्त उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। इस दौरान समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।
शिविर में अनुसूचित जाति की पुत्रियों के विवाह हेतु संचालित सहायता योजना के अंतर्गत 6 पात्र परिवारों को प्रति परिवार 50 हजार की सहायता राशि’ वितरित की गई। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत पात्र 30 लाभार्थियों को वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन एवं दिव्यांग पेंशन की स्वीकृति भी प्रदान की गई। इस प्रकार शिविर में कुल 30 पेंशन प्रकरणों को स्वीकृति प्रदान कर पात्र व्यक्तियों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने की दिशा में पहल की गई।



