स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर दून में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

डीबीएल संवाददाता / देहरादून।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून की ओर से शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। जिला जज एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून हरीश कुमार गोयल के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में आयोजित यात्रा का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को सुदृढ़ करने के साथ ही संविधान एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का संदेश देना रहा।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ न्यू कोर्ट बिल्डिंग, देहरादून से हुआ। यात्रा प्रिंस चौक, तहसील चौक एवं दर्शन लाल चौक होते हुए घंटाघर पहुंची। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे प्रतिभागियों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष के साथ देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। यात्रा के दौरान पूरा मार्ग देशभक्ति के उत्साह से सराबोर नजर आया।
यात्रा में जनपद के न्यायिक अधिकारी एवं कर्मचारी, बार एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य, दून वैली व्यापार मंडल के पदाधिकारी, विभिन्न लॉ कॉलेजों के छात्र-छात्राएं, पराविधिक कार्यकर्ता, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी-कर्मचारी तथा विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।



